वक्फ कानून पर सुप्रीम कोर्ट कल सुनाएगा अंतरिम आदेश

सुप्रीम कोर्ट 15 सितंबर को वक्फ संशोधन अधिनियम की वैधता पर अंतरिम आदेश सुनाएगा, जिसमें वक्फ संपत्तियों की स्थिति, जांच प्रक्रिया और बोर्ड की संरचना जैसे प्रमुख मुद्दे शामिल हैं. यह मामला विभिन्न राजनीतिक और धार्मिक संगठनों द्वारा अधिनियम की संवैधानिकता को चुनौती देने पर आधारित है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

Waqt Act: वक्फ संशोधन अधिनियम, 2025 की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट 15 सितंबर को अंतरिम आदेश सुनाएगा. यह फैसला उस बहुप्रतीक्षित मामले में आएगा, जिसमें अदालत ने चार महीने पहले 22 मई को सुनवाई पूरी कर आदेश सुरक्षित रखा था. तीन दिनों तक चली लंबी बहस के बाद मुख्य न्यायाधीश बी.आर. गवई की अध्यक्षता वाली पीठ ने फैसला सुरक्षित किया था.

इस मामले में तीन मुख्य कानूनी और प्रक्रियात्मक सवालों पर अदालत के रुख का इंतज़ार है. पहला बड़ा मुद्दा यह है कि जो संपत्तियां पहले से वक्फ घोषित की जा चुकी हैं, चाहे वह व्यवहार में हो या कानूनी दस्तावेज़ों द्वारा क्या उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के दौरान अस्थायी रूप से वक्फ की सूची से हटाया जा सकता है? इस पर अदालत के निर्देशों से आगे की कानूनी कार्रवाई का रास्ता तय होगा.

ज़िला कलेक्टर की भूमिका

दूसरा महत्वपूर्ण बिंदु है ज़िला कलेक्टर की भूमिका को लेकर संशोधित कानून के अनुसार, जब कलेक्टर यह जांच कर रहे हों कि कोई भूमि वक्फ की है या सरकारी तो जांच पूरी होने तक उस भूमि को वक्फ संपत्ति नहीं माना जाएगा. अब अदालत यह तय करेगी कि यह प्रावधान तब तक लागू रहेगा या नहीं, जब तक पूरे मामले की अंतिम सुनवाई पूरी नहीं हो जाती.

वक्फ बोर्ड और केंद्रीय वक्फ परिषद की सदस्यता

तीसरा पहलू वक्फ बोर्ड और केंद्रीय वक्फ परिषद की सदस्यता से जुड़ा है. अदालत ने यह सवाल उठाया कि क्या इन संस्थाओं में केवल मुस्लिम सदस्यों को ही नियुक्त करना संवैधानिक प्रावधानों के तहत वैध है या नहीं? यह निर्णय धार्मिक प्रतिनिधित्व बनाम संवैधानिक समावेशन की दिशा में अहम संकेत देगा.

धार्मिक और राजनीतिक संगठनों ने दायर की याचिका

इन याचिकाओं को विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों द्वारा दायर किया गया है. याचिकाकर्ताओं में एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी, आप विधायक अमानतुल्ला खान, तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा, राजद सांसद मनोज झा, सपा के जिया उर रहमान, सीपीआई, डीएमके समेत कई प्रमुख संगठन और नेता शामिल हैं.

इस फैसले से वक्फ संपत्तियों की कानूनी स्थिति, प्रशासनिक प्रक्रिया और धार्मिक प्रतिनिधित्व के सवालों पर व्यापक असर पड़ने की संभावना है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो