Assam Earthquake: असम में रविवार को आए 5.9 तीव्रता वाले भूकंप ने लोगों की नींद उड़ा दी. गुवाहाटी समेत कई क्षेत्रों में लोग अचानक अपने घरों से बाहर निकल आए और दहशत में सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रियाएं साझा कीं. भूकंप के झटकों ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर खलबली मचा दी और कई लोगों ने अपने अनुभवों को शब्दों में बयान किया.
स्थानीय निवासियों के अनुसार, भूकंप की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि उन्हें ऐसा लग रहा था कि घर की छत उनके सिर पर गिर सकती है. कई लोगों ने बताया कि झटके शुरुआत में हल्के थे, लेकिन फिर अचानक तेज हो गए, जिससे डर और बढ़ गया.
गुवाहाटी की अनीता गोस्वामी ने कहा कि ऐसा लग रहा था कि ये कभी रुकेगा ही नहीं. एक मिनट के लिए मुझे लगा कि मैं मरने वाली हूं. एक अन्य निवासी ने बताया कि शुरुआत में झटके हल्के थे, लेकिन फिर अचानक तेज हो गए. मेरा भाई छत पर था और मुझे डर लग रहा था कि अगर छत गिर गई तो क्या होगा.
इसी बीच, असम के नगांव स्थित एक अस्पताल का एक दृश्य सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वहां की दो नर्सों ने नवजात शिशुओं के बिस्तरों को संभालते हुए भूकंप की दहशत के बीच अपना फर्ज निभाया. इस बहादुरी ने लोगों का दिल जीत लिया.
असम सरकार के अधिकारियों ने बताया कि पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में रविवार शाम 4.41 बजे 5.8 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए. भूकंप का केंद्र उदलगुरी जिले में था और इसकी गहराई केवल पांच किलोमीटर थी. अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि अभी तक किसी भी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है.
First Updated : Sunday, 14 September 2025