ट्रंप का बड़ा फैसला: भारत पर से हटाया 25% टैरिफ
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को बड़ी राहत देते हुए रूसी तेल खरीद को लेकर लगाए गए 25% दंडात्मक टैरिफ को हटाने का फैसला किया है. इस संबंध में ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए, जिसे भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों के लिए अहम माना जा रहा है.
नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर रूसी तेल खरीद को लेकर लगाए गए 25% दंडात्मक टैरिफ को हटाने की घोषणा की है. इसके लिए उन्होंने शुक्रवार (स्थानीय समय) को एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए. यह फैसला हाल ही में घोषित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के बाद सामने आया है, जिसकी पुष्टि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी की थी.
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर दावा किया था कि भारत रूसी तेल का आयात बंद करेगा, हालांकि प्रधानमंत्री मोदी की ओर से इस विषय पर कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की गई. कार्यकारी आदेश में कहा गया है कि भारत ने रूस से तेल का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात रोकने और अमेरिका से ऊर्जा उत्पाद खरीदने की प्रतिबद्धता जताई है. अमेरिका का कहना है कि भारत ने राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति और आर्थिक मामलों में उसके साथ तालमेल बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. यह निर्णय 7 फरवरी 2026 से प्रभावी होगा.


