फरवरी महीने में उत्तर प्रदेश (यूपी) का मौसम काफी बदलता हुआ नजर आ रहा है. जहां सुबह और रात में ठंडक महसूस हो रही है, वहीं दिन के समय तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है. इस उतार-चढ़ाव के बीच, यूपी के कई शहरों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, लेकिन अब इसमें गिरावट आई है. हालांकि, अब अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना जताई जा रही है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, यूपी में अगले 5 दिनों तक मौसम को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. रविवार को यूपी के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा. अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है. रविवार को वाराणसी, लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, झांसी, प्रयागराज, नोएडा और अन्य शहरों में मौसम सामान्य रहेगा.
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यूपी में मौसम में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है और तापमान में भी गिरावट की संभावना नहीं है. आने वाले 4-5 दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकते हैं.
लखनऊ स्थित अमौसी मौसम केंद्र के अनुसार, शनिवार को यूपी में सबसे कम तापमान अयोध्या में रिकॉर्ड किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस था. वहीं, सर्वाधिक तापमान बांदा में रिकॉर्ड किया गया, जहां अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस था. First Updated : Sunday, 09 February 2025