55 साल के उम्र में 7वीं बार दुल्हा बनने को तैयार पिता, नाबालिग बेटे ने थाने जाकर लगाई रोक की गुहार
आजमगढ़ में एक नाबालिग बेटे ने अपने पिता की सातवीं शादी रोकने के लिए थाने का दरवाजा खटखटाया. बेटे का दर्द भरा आरोप है कि पापा ने इस शादी के चक्कर में घर की जमीन गिरवी रख दी और 50 हजार रुपये का कर्ज चढ़ा लिया. पुलिस अब मामले की तह तक जांच में जुटी है.

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग बेटा अपने पिता की बार-बार शादी करने की लत से तंग आकर पुलिस के पास पहुंच गया. 55 वर्षीय पिता अब सातवीं बार दूल्हा बनने की तैयारी में हैं और इसके लिए उन्होंने परिवार की जमीन तक गिरवी रख दी है. बेटे का दर्द यह है कि पिता के इस शौक ने पूरा परिवार बर्बादी की कगार पर पहुंचा दिया है.
मामला अहरौला थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जहां 12वीं कक्षा का छात्र शनि सोमवार को रोते-बिलखते थाने पहुंचा और पुलिस से अपने पिता को रोकने की गुहार लगाई. बेटे ने आरोप लगाया कि उसके पिता अमरजीत मौर्य अब तक छह शादियां कर चुके हैं और सातवीं शादी के चक्कर में परिवार की सारी संपत्ति दांव पर लगा रहे हैं.
थाने पहुंचा बेटा, सुनाई अपनी आपबीती
शनि ने पुलिस को बताया कि उसके पिता अमरजीत मौर्य अब सातवीं शादी की तैयारी में जुटे हैं. उसने भावुक होकर कहा कि अगर पिता को नहीं रोका गया तो पूरा परिवार सड़क पर आ जाएगा. बेटे की मां ने अमरजीत से उनकी तीसरी शादी की थी, लेकिन अब परिवार की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि बच्चे का भविष्य भी खतरे में पड़ गया है.
गिरवी रखी जमीन और लिया भारी कर्ज
नाबालिग शनि ने पुलिस को जानकारी दी कि पिता ने सातवीं शादी के लिए किसी व्यक्ति से 50 हजार रुपये एडवांस में उधार लिए हैं. इसके अलावा पिछली शादियों और शौक के चलते परिवार की आधी से ज्यादा जमीन पहले ही गिरवी रखी जा चुकी है. शनि बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था, लेकिन पिता के कर्ज चुकाने के लिए उसे पढ़ाई छोड़कर मजदूरी करनी पड़ रही है. परीक्षा देने घर लौटा तो पता चला कि पिता एक और नई शादी की योजना बना रहे हैं.
इलाके में मचा बवाल, प्रधान ने भी की पुष्टि
यह पूरा मामला आजमगढ़ जिले में जोरों से चर्चा में है. गांव के प्रधान शत्रुघ्न कनौजिया ने भी पुष्टि की कि अमरजीत मौर्य पहले भी कई बार शादी कर चुके हैं. उनकी इस आदत से पूरा परिवार और आसपास के लोग परेशान हैं. कई पत्नियां उन्हें छोड़कर जा चुकी हैं, लेकिन अमरजीत अब भी नहीं रुक रहे.
पुलिस ने शुरू की जांच, दोनों पक्ष बुलाए गए
अहरौला थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि नाबालिग बेटे की ओर से तहरीर मिल चुकी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है. पिता और पुत्र दोनों को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है. थानाध्यक्ष ने कहा कि जांच के नतीजे के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके.


