पीड़ा, दमन और अपमान पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव के PDA को दिया नया नाम, सपा महिला नेता की पिटाई पर बोले BJP अध्यक्ष

उत्तर प्रदेश के बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने चंदौली में सपा महिला जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल के साथ मारपीट की घटना पर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है.

calender

लखनऊ: उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है. चंदौली में सपा की महिला जिलाध्यक्ष के साथ हुई मारपीट की घटना पर उन्होंने अखिलेश यादव के प्रसिद्ध PDA नारे को नया रूप देते हुए कहा कि सपा का असली PDA है पीड़ा, दमन और अपमान. 

पंकज चौधरी का तीखा हमला

पंकज चौधरी ने कहा कि जिस पार्टी के मंच पर महिला सम्मान, सामाजिक न्याय और अधिकारों की बड़ी-बड़ी बातें की जाती हैं, उसी पार्टी के लोग अपनी महिला पदाधिकारी को घर में घुसकर पीट रहे हैं. उन्होंने कहा कि सपा के महिला सम्मान के दावे सिर्फ पोस्टरों और भाषणों तक सीमित हैं. 

हकीकत में पार्टी अपनी महिलाओं के साथ भी ऐसा सलूक करती है. चौधरी ने आगे कहा कि सपा में "बातों के बताशे" ज्यादा फोड़े जाते हैं. उन्होंने इसे सपा के PDA का नया संस्करण बताया.

क्या है घटना?

चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मढ़िया गांव में सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल पर उनके ही घर में हमला किया गया. वायरल CCTV फुटेज में कुछ लोग उन्हें बालों से घसीटते और बेरहमी से पीटते दिख रहे हैं. एक महिला ने बचाव करने की कोशिश की तो उस पर भी हमला हुआ. 

आरोप है कि हमलावरों ने गार्गी पटेल के सिर पर टेबल तक मार दिया. गार्गी पटेल ने पुलिस में तहरीर दी है कि जमीन के कारोबार को लेकर विवाद था. गुरुवार सुबह कुछ लोग उनके घर में घुस आए और अचानक हमला कर दिया.

ओम प्रकाश राजभर का तंज

बीजेपी की सहयोगी सुभासपा के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भी सपा पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सपा में पिछड़ा वर्ग, कुर्मी और प्रजापति समाज सुरक्षित नहीं है.

राजभर ने सपा पर "यादववादी राजनीति" करने और गैर-यादव पिछड़ों-दलितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया. उन्होंने महाभारत के द्रौपदी चीरहरण का उदाहरण देते हुए सपा नेतृत्व की तुलना मौन दर्शकों से की.

सपा की चुप्पी

इस पूरी घटना पर समाजवादी पार्टी की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. पुलिस ने CCTV फुटेज और तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है. इस घटना ने यूपी की राजनीति में फिर से कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर बहस छेड़ दी है. First Updated : Friday, 29 May 2026

Topics :