यूपी में राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों की अब बल्ले-बल्ले है। इनके लिए सीएम योगी ने आज अच्छी खबर दी है। सरकार ने इनके महंगाई भत्ते में दो प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। सरकार ने अपने आदेश में कहा है कि पहली जनवरी 2026 से महंगाई भत्ता बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दिया गया है। यह आदेश केंद्र सरकार के जारी संशोधित दरों के आधार पर लागू किया गया है। सरकार ने अपने आदेश में यह भी साफ कर दिया है कि 1 जनवरी 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक के एरियर का भुगतान भविष्य निधि खाते यानी जीपीएफ में जमा किया जाएगा।
दो प्रतिशत की बढ़ोतरी के बाद कर्मचारियों का महंगाई भत्ता पहले के मुकाबले और बढ़ जाएगा। इससे कर्मचारियों की महीने की सैलरी में अच्छी-खासी बढ़ोतरी हो जाएगी। जारी किए आदेश में कहा गया है कि प्रदेश के नियमित राज्य कर्मचारियों, सहायता प्राप्त शिक्षण और प्राविधिक शिक्षण संस्थानों के कर्मचारियों, शहरी स्थानीय निकायों के कर्मचारी और यूजीसी वेतनमान में कार्यरत पदधारकों को पहली जनवरी 2026 से 60 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिलेगा। बढ़ा हुआ डीएम मई 2026 के नियमित वेतन के साथ मिलेगा।
सरकार के आदेश में यह साफ-साफ कहा गया है कि जो राज्य कर्मचारी रिटायर हो चुके हैं या फिर छह माह के भीतर रिटायर होने वाले हैं उन्हें महंगाई भत्ते की पूरी राशि नकद के रूप में दिया जाएगा। सरकार के इस फैसले से लाखों राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों को राहत मिलेगी।
आप यह सोच रहे होंगे कि आखिर किस की कितनी सैलरी बढे़गी। मान लिया जाए कि किसी तनख्वाह चालीस हजार रुपए है अब दो प्रतिशत की बढ़ोतरी के हिसाब से उसकी सैलरी 800 रुपए महीने बढ़ेगी। इसी तरह साल में उसकी सैलरी में बढो़तरी 9600 रुपए होगी। योगी सरकार के इस फैसले से सबसे ज्यादा खुशी पेंशनरों को होगी। First Updated : Thursday, 21 May 2026