योगी सरकार पेश करेगी अब तक का सबसे बड़ा बजट, 20 फरवरी को आएगा 'बुलडोजर बजट'
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार 20 फरवरी 2025 को वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट पेश करने जा रही है, जिसे अब तक का सबसे बड़ा बजट माना जा रहा है.₹8 लाख करोड़ से अधिक के इस “बुलडोजर बजट” में विकास, कानून-व्यवस्था और 2027 के चुनावी समीकरणों को ध्यान में रखकर कई अहम घोषणाएं होने की उम्मीद है.
यूपी बजट: उत्तर प्रदेश सरकार का 2025-26 का बजट राज्य के समग्र विकास को गति देने पर केंद्रित रहेगा. ₹8 लाख करोड़ से ज्यादा के इस बजट में बुनियादी ढांचे को प्राथमिकता दी जाएगी, जिसमें सड़क, पुल और कनेक्टिविटी से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट शामिल हो सकते हैं. सरकार का फोकस यूपी को डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में मजबूत करने पर भी रहेगा.
इसके साथ ही बजट में लोक-लुभावन योजनाओं की झलक देखने को मिल सकती है. वृद्धावस्था, दिव्यांग और निराश्रित महिला पेंशन में बढ़ोतरी की संभावना है, जबकि आशा वर्कर और शिक्षामित्रों के मानदेय में भी इजाफा किया जा सकता है.
युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए नई योजनाओं का ऐलान 2027 के चुनाव से पहले अहम माना जा रहा है. आर्थिक मोर्चे पर प्रदेश की GSDP बढ़ाने और यूपी को देश के अग्रणी विकासशील राज्यों में बनाए रखने पर जोर रहेगा. साथ ही, कानून-व्यवस्था और पारदर्शिता को लेकर सरकार अपनी सख्त ‘बुलडोजर’ छवि को भी बरकरार रखने का संदेश दे सकती है.


