हरिद्वार: उत्तराखंड के चंपावत जिले की पाटी नगर पंचायत के चुनाव परिणामों ने स्थानीय राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है. बता दें, नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल ने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नवीन राम को हराकर जीत हासिल कर ली है. खास बात यह है कि नारायण लाल लोकप्रिय गायक और इंडियन आइडल विजेता पवनदीप राजन के जीजा हैं. वहीं उनकी इस जीत को क्षेत्र में बड़े राजनीतिक बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है.
सामने आए नतीजों के अनुसार, नारायण लाल को कुल 738 वोट मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार नवीन राम को 514 वोट प्राप्त हुए. इसी के साथ निर्दलीय उम्मीदवार ने 224 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया है. बता दें, चुनाव परिणाम सामने आने के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है.
हालांकि मतगणना के दौरान परिणामों को लेकर कुछ समय तक असमंजस की स्थिति बनी हुई थी. इस बीच अध्यक्ष पद के नतीजों की औपचारिक घोषणा और विजयी प्रमाण पत्र जारी होने में हुई देरी के कारण नारायण लाल के समर्थकों ने नाराजगी भी जताई लेकिन बाद में जब उन्हें जीत का प्रमाण पत्र सौंपा गया तो समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ विजय जुलूस निकाला और पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल दिखाई दिया.
वहीं इसी बीच नगर पंचायत के चारों वार्डों के सभासद पदों के परिणाम भी घोषित किए गए है. बता दें, न्यू कॉलोनी वार्ड से नवल पचौली, जौलाड़ी वार्ड से बबलू पाटनी, रानीचौड़ वार्ड से शांति देवी और पूनाकोट वार्ड से संगीता ने जीत दर्ज कर सभासद पद हासिल किया हैं.
राजनीतिक दृष्टि से यह परिणाम इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि पाटी नगर पंचायत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र लोहाघाट के अंतर्गत आती है. ऐसे में भाजपा उम्मीदवार की हार ने स्थानीय स्तर पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. बता दें, मतदाताओं ने इस चुनाव में पार्टी से ज्यादा उम्मीदवार की व्यक्तिगत छवि और स्थानीय जुड़ाव को महत्व दिया, जो इस जीत के पीछे की वजह माना जा रहा है. हालांकि अब आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि प्रदेश की राजनीति किस दिशा में आगे बढ़ती है. First Updated : Thursday, 11 June 2026