ऋषिकेश में ट्विशा शर्मा की अस्थियों का विसर्जन, त्रिवेणी घाट पर छाया सन्नाटा
ट्विशा शर्मा की मौत ने पूरे भोपाल को झकझोर दिया था। दहेज हत्या का यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। परिजनों का कहना है कि वे बेटी को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाएंगे।

ऋषिकेश: भोपाल दहेज हत्या मामले में मृतक ट्विशा शर्मा के परिजन सोमवार को उनकी अस्थियां लेकर ऋषिकेश पहुंचे। यहां त्रिवेणी घाट पर पूरे विधि विधान से गंगा में अस्थियां विसर्जित की गईं। अनुष्ठान के दौरान परिवार के सभी सदस्य बेहद भावुक दिखे। गंगा तट पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
पिता ने कहा, ऋषिकेश से था बेटी का खास लगाव
इस मौके पर ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने कहा कि यह स्थान उनकी बेटी के लिए बहुत मायने रखता था। उन्होंने बताया, "आज हम यहां बेटी की अस्थियों का विसर्जन करने आए हैं। ट्विशा का ऋषिकेश और मां गंगा से गहरा लगाव था। वह अक्सर नदी के किनारे घंटों बैठी रहती थी। यह जगह उसके लिए बहुत खास थी। इसलिए उसकी भावनाओं का सम्मान करते हुए हमने उसकी अस्थियों का विसर्जन ठीक इसी जगह करने का फैसला किया।"
इंसाफ मिलने तक जारी रहेगी लड़ाई
नवनिधि शर्मा ने आगे कहा कि यह लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। उन्होंने कहा, "यह तो बस शुरुआत है। यह एक बहुत बड़ी लड़ाई है जिसमें बहुत ताकतवर लोग शामिल हैं, और हम अभी सिर्फ इसके शुरुआती दौर में हैं। हमारी लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक हमें इंसाफ नहीं मिल जाता।" परिवार को उम्मीद है कि सरकार, जांच एजेंसियां और न्यायपालिका इस मामले में न्याय दिलाएंगी और एक मिसाल कायम करेंगी।
ट्विशा शर्मा की मौत ने पूरे भोपाल को झकझोर दिया था। दहेज हत्या का यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। परिजनों का कहना है कि वे बेटी को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाएंगे। ऋषिकेश में अस्थि विसर्जन के बाद परिवार भोपाल लौट गया है। लेकिन उनकी यह लड़ाई अब एक नए चरण में पहुंच गई है। परिजन चाहते हैं कि इस केस से समाज में एक कड़ा संदेश जाए ताकि भविष्य में कोई और त्विषा दहेज की बलि न चढ़े।


