उत्तराखंड में तनाव! युवक की मौत के बाद गांव में हिंसा, आरोपी के घर में लगाई आग

उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र स्थित बैरागीवाला गांव में दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत के बाद हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं.

Shraddha Mishra

देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र स्थित बैरागीवाला गांव इन दिनों भारी तनाव के दौर से गुजर रहा है. दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत के बाद हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं. घटना के बाद गांव में विरोध-प्रदर्शन तेज हो गया है और लोगों में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है. प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है.

घटना से जुड़ा एक CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है. वीडियो में कई लोग लाठी-डंडों के साथ एक-दूसरे का पीछा करते और हमला करते नजर आ रहे हैं. गांव की गलियों में अफरा-तफरी का माहौल साफ दिखाई देता है. लोग अपनी जान बचाने के लिए भागते हुए नजर आते हैं, जबकि कई जगहों पर चीख-पुकार सुनाई देती है. वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि अचानक माहौल तनावपूर्ण हो जाता है और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच हिंसक टकराव शुरू हो जाता है. महिलाएं और बच्चे भी डर के कारण सुरक्षित स्थानों की ओर भागते दिखाई देते हैं.

विवाद की वजह को लेकर अलग-अलग दावे

पुलिस का कहना है कि विवाद की शुरुआत खेत में पानी लगाने को लेकर हुई थी. मामूली कहासुनी कुछ ही समय में बड़े संघर्ष में बदल गई और फिर हिंसा भड़क उठी. हालांकि गांव के प्रधान विक्की कश्यप का दावा है कि यह केवल पानी का विवाद नहीं था. उनके अनुसार मामला जमीन से जुड़ा हुआ था और मृतक विनोद कश्यप को पहले से धमकियां मिल रही थीं. उन्होंने आरोप लगाया कि इस संबंध में पुलिस को पहले भी शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.

युवक की मौत के बाद उग्र हुआ प्रदर्शन

हिंसा के दौरान विनोद नामक युवक की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत तीन अन्य लोग घायल हो गए. युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव और आसपास के इलाकों में आक्रोश फैल गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग सड़क पर उतर आए. प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की. इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी जाम लगाया गया.

आरोपी के घर में आगजनी, पुलिस पर भी दबाव

प्रदर्शन के दौरान स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई. भीड़ ने पुलिस की मौजूदगी में पत्थरबाजी की और एक आरोपी के घर को आग के हवाले कर दिया. हालात को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया. प्रशासन लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर माहौल को शांत करने की कोशिश की, लेकिन कई बार दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली.

भाजपा विधायक ने परिवार से की मुलाकात

घटना के बाद भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान पहले अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना. इसके बाद उन्होंने बैरागीवाला गांव जाकर मृतक के परिवार से मुलाकात की. विधायक ने परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया और पुलिस अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.

CCTV बना जांच का सबसे बड़ा आधार

पुलिस के लिए अब CCTV फुटेज सबसे अहम सबूत बन गया है. वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है और कई संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने इस मामले में 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इसके साथ ही इलाके में लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि कोई नई अप्रिय घटना न हो.

एसपी देहात पंकज गैरोला ने बताया कि दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया. इस दौरान विनोद नामक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए. सभी घायलों का इलाज चल रहा है. उन्होंने कहा कि पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगी हुई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो