22 दिनों के लिए बदरीनाथ क्यों पहुंचे हैं पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री? क्या है उद्देश्य?

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इन दिनों बदरीनाथ धाम में 22 दिनों की एकांत साधना, ध्यान और योग कर रहे हैं. इस दौरान वे कथा-प्रवचन के जरिए सनातन धर्म, मानवता और विश्व कल्याण का संदेश भी देंगे.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

उत्तराखंड: बदरीनाथ धाम में इन दिनों पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री आध्यात्मिक साधना और ध्यान में लीन हैं. हिमालय की शांत वादियों और ऋषि गंगा के निर्मल तट पर बाबा बागेश्वर लगभग 22 दिनों तक एकांतवास करेंगे. इस दौरान वे योग, ध्यान और साधना के जरिए आध्यात्मिक ऊर्जा अर्जित करेंगे. साथ ही श्रद्धालुओं के बीच कथा और प्रवचन के माध्यम से सनातन धर्म, मानवता और विश्व कल्याण का संदेश भी देंगे.

क्या है बाबा धीरेंद्र शास्त्री का उद्देश्य 

जानकारी के अनुसार, यह साधना बदरीनाथ के समीप बामणी गांव के पास ऋषि गंगा किनारे बनाए गए नव निर्मित ध्यान केंद्र में की जा रही है. यहां का शांत वातावरण साधना और आत्मचिंतन के लिए बेहद उपयुक्त माना जाता है. बाबा धीरेंद्र शास्त्री का उद्देश्य केवल व्यक्तिगत साधना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार भी बताया जा रहा है.

बुधवार को बदरीनाथ पहुंचने पर बाबा का भव्य स्वागत किया गया. बाबा बाल योगेश्वरदास महाराज और स्थानीय होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों सहित कई प्रमुख लोगों ने उनका अभिनंदन किया. स्वागत के दौरान श्रद्धालुओं में भी खास उत्साह देखने को मिला. बताया गया कि बाबा आने वाले दिनों में ध्यान योग के साथ-साथ धार्मिक प्रवचनों का आयोजन भी करेंगे.

गौरतलब है कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हर वर्ष भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए बदरीनाथ पहुंचते हैं. वे यहां विशेष पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना करते हैं. इससे पहले भी वे कई बार हिमालयी क्षेत्र में साधना कर चुके हैं और खाक चौक आश्रम से उनका पुराना जुड़ाव रहा है.

बदरीनाथ धाम पर क्या काम कर रही केंद्र और राज्य सरकार 

इधर, केंद्र और राज्य सरकार बदरीनाथ धाम को आधुनिक सुविधाओं से युक्त “स्प्रिचुअल हिल टाउन” के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है. मास्टर प्लान के तहत यहां सौंदर्यीकरण, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और आध्यात्मिक पहचान को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. देव दर्शनी पॉइंट समेत कई स्थलों को इस तरह विकसित किया जा रहा है कि श्रद्धालुओं को बदरीनाथ धाम के दिव्य दर्शन और भी भव्य अनुभव के साथ मिल सकें.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो