महाराष्ट्र विधान भवन में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और इकलौते विधायक अबू आजमी ने एक बार फिर विवादास्पद बयान दिया है. उन्होंने दावा किया कि मौजूदा हालात में मुसलमानों के लिए सड़कों पर निकलना भी मुश्किल हो गया है. अबू आजमी ने कहा कि 'दाढ़ी-कुर्ता-टोपी' पहनकर निकलने वाले किसी भी व्यक्ति को कब कौन मार दे, कुछ कहा नहीं जा सकता.
सपा नेता ने आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए नफरत फैलाने की नीति का नतीजा अब पूरा महाराष्ट्र भुगत रहा है. उन्होंने हाल के कुछ जघन्य अपराधों का हवाला देते हुए कहा कि बढ़ती नफरत समाज और देश को तोड़ रही है.
अबू आजमी ने विधान भवन में कहा, पुणे में इफ्तार कर रहे लोगों पर धारदार हथियारों से हमला किया गया. अकोला में सिर्फ देखने पर 17 साल के मासूम मवीश का कत्ल कर दिया गया. नांदेड़ में ईद के दिन संदिग्ध मोटरसाइकिल ब्लास्ट हुआ. ये सभी घटनाएं बढ़ती नफरत को दिखाती हैं, जो हमारे समाज और देश को तोड़ रही हैं.
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा, लोगों में सहनशीलता खत्म होती जा रही है और कानून-व्यवस्था बहुत खराब हो चुकी है. उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मांग की कि हेट क्राइम के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कदम उठाए जाएं.
इससे पहले अबू आजमी ने फिल्म 'धुरंधर-2' पर भी जमकर निशाना साधा था. उन्होंने फिल्म को मुसलमानों की बदनामी का साजिश बताया और इसके मेकर्स को जेल भेजने की मांग की. सपा नेता ने फिल्म को तत्काल बैन करने की भी मांग की थी.अबू आजमी ने कहा कि भारत में कई दंगे हुए हैं और कई ऐसी घटनाएं हुई हैं जिन पर फिल्म बनाई जा सकती है, लेकिन 'धुरंधर 2' सिर्फ मुसलमानों को बदनाम करने की साजिश है. First Updated : Tuesday, 24 March 2026