दिल्ली-NCR में फिर बदला मौसम का मिजाज: तेज हवाओं और बारिश के साथ येलो अलर्ट, तापमान में गिरावट

दिल्ली-NCR में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. तेज हवाओं और बारिश की संभावना के बीच मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. सोमवार को गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने इसको लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है, जिससे साफ है कि दिनभर मौसम अस्थिर बना रह सकता है और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

बीते दिन यानी रविवार को भी दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक राजधानी में तेज धूप की संभावना कम है, हालांकि 6 मई के बाद फिर से गर्मी बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं.

दिल्ली में तापमान सामान्य से नीचे

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग में रविवार को अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम है.

पालम, लोधी रोड, रिज और आयानगर जैसे इलाकों में भी तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक नीचे रिकॉर्ड किया गया. न्यूनतम तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा.

सोमवार को बादल और बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. दोपहर के बाद हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है और इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

इस दिन अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. अगले कुछ दिनों तक तेज धूप से राहत बनी रह सकती है.

कई राज्यों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि

उत्तर भारत के कई राज्यों में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि दर्ज की गई.

उत्तराखंड में तेज बारिश और आंधी के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ. कई जगह पेड़ गिरने से सड़कें बाधित हुईं और बिजली आपूर्ति ठप हो गई. प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सभी जिलों में हाई अलर्ट जारी किया है. देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर में ‘ऑरेंज अलर्ट’ लागू है.

यूपी में नहीं चली लू, तापमान में गिरावट

उत्तर प्रदेश के मध्य हिस्सों में लगभग 5 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई, जबकि पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई.

राज्य में दिन का तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री तक नीचे रहा और कहीं भी लू की स्थिति नहीं बनी. हालांकि सुल्तानपुर में तेज आंधी के दौरान पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया.

हिमाचल में तूफान का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में रविवार को बारिश और गरज-चमक का दौर रहा. धर्मशाला में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई.

मौसम विभाग ने कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए 4 मई को तथा मंडी और शिमला के लिए 5 मई को आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है.

राजस्थान में गर्मी का प्रकोप जारी

जहां एक ओर उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम ठंडा हुआ है, वहीं राजस्थान में गर्मी का असर अब भी बरकरार है.

फलोदी में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा चित्तौड़गढ़ में 43.4 डिग्री, श्रीगंगानगर और जैसलमेर में 42.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो