Assembly Election Results 2026: 5 राज्यों की मतगणना आज, किसके सिर सजेगा सत्ता का ताज?

पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना आज सुबह से शुरू हो रही है. कड़ी सुरक्षा और नई तकनीक के बीच हो रही इस प्रक्रिया के नतीजे कई बड़े राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकते हैं.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में सोमवार (4 मई) को विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना शुरू होने जा रही है. लंबे और तीखे चुनावी मुकाबले के बाद अब सभी की नजर नतीजों पर टिकी है, जो कई बड़ी पार्टियों के भविष्य की दिशा तय करेंगे. इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा है, जहां क्षेत्रीय दलों और राष्ट्रीय पार्टियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली.

मतगणना सुबह 8 बजे डाक मतपत्रों की गिनती से शुरू होगी. पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए तीन स्तर की सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है. चुनाव आयोग ने इस बार पहली बार क्यूआर कोड आधारित फोटो पहचान पत्र प्रणाली लागू की है, जिससे मतगणना केंद्रों में अनधिकृत लोगों की एंट्री को रोका जा सके.

पश्चिम बंगाल: टीएमसी बनाम भाजपा की सीधी टक्कर

पश्चिम बंगाल में 293 सीटों के लिए 77 केंद्रों पर मतगणना की जाएगी. चुनाव से पहले का माहौल काफी तनावपूर्ण रहा, जहां सत्ताधारी टीएमसी और भाजपा दोनों ने मतदान प्रक्रिया को लेकर चिंता जताई थी. राज्य में दो चरणों में मतदान हुआ और रिकॉर्ड 92.47% वोटिंग दर्ज की गई.

दक्षिण 24 परगना के फाल्टा क्षेत्र में चुनावी अनियमितताओं के चलते मतदान रद्द कर दिया गया था, जहां अब 21 मई को दोबारा वोटिंग होगी. ममता बनर्जी की टीएमसी लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी की कोशिश में है, जबकि भाजपा उसे कड़ी चुनौती दे रही है. वहीं कांग्रेस और वाम दल भी अपनी खोई जमीन वापस पाने की कोशिश में जुटे हैं.

असम: एनडीए की हैट्रिक पर नजर

असम में 126 सीटों के लिए 40 केंद्रों पर मतगणना होगी. भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिश कर रहा है. राज्य में 85.96% मतदान हुआ था. प्रमुख चेहरों में मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और कांग्रेस नेता गौरव गोगोई शामिल हैं. सुरक्षा के लिहाज से यहां केंद्रीय बलों और राज्य पुलिस की संयुक्त तैनाती की गई है, ताकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हो सके.

तमिलनाडु: डीएमके को चुनौती

तमिलनाडु में 234 सीटों के लिए 62 केंद्रों पर मतगणना होगी. डीएमके फिर से सत्ता में लौटने की उम्मीद कर रही है, लेकिन एआईएडीएमके और विजय की पार्टी टीवीके से उसे कड़ी टक्कर मिल रही है. यहां मतगणना के लिए बड़ी संख्या में कर्मचारियों और अधिकारियों को तैनात किया गया है. हर विधानसभा क्षेत्र पर विशेष नजर रखने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी की गई है.

केरल: यूडीएफ बनाम एलडीएफ

केरल में 140 सीटों के लिए मतगणना की जाएगी. कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ सत्ता में वापसी की कोशिश में है, जबकि पिनारयी विजयन की अगुवाई वाला एलडीएफ अपनी सरकार बचाने के लिए संघर्ष कर रहा है. अगर एलडीएफ हारता है, तो यह कई दशकों बाद पहली बार होगा जब किसी राज्य में वामपंथी सरकार नहीं होगी. यहां भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.

पुडुचेरी: गठबंधन की सीधी लड़ाई

पुडुचेरी में छह मतगणना केंद्र बनाए गए हैं. यहां एनडीए और इंडिया गठबंधन के बीच सीधी टक्कर है. एनडीए में एआईएनआरसी, भाजपा और एआईएडीएमके शामिल हैं, जबकि विपक्षी गठबंधन में कांग्रेस, डीएमके और वीसीके हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो