Weather Update: होली वाले दिन कैसा रहेगा मौसम, जानें कब होगी बारिश?

Weather Update: होली का त्योहार नजदीक आते ही लोग इसकी तैयारियों में जुट गए हैं. हालांकि देशभर में मौसम लगातार करवट मारता नजर आ रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, होली के दिन कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है.

Shivani Mishra
Edited By: Shivani Mishra

Weather Update: दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में पिछले कुछ दिनों से हल्की ठंड का एहसास हो रहा है हालांकि, अब तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. ठंडी हवाओं की रफ्तार धीमी पड़ गई है, जिससे दिन के समय गर्मी का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है. ऐसे में लोग यह जानने को उत्सुक हैं कि होली के दिन मौसम कैसा रहेगा. मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों में तापमान में तेजी से वृद्धि होगी, हालांकि होली के दिन कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है. आइए जानते हैं आने वाले दिनों में मौसम कैसा रहने वाला है.

6 मार्च को राजधानी का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक था. न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम था. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 8 मार्च से तापमान में और बढ़ोतरी होगी और 11 मार्च तक यह 35 डिग्री तक पहुंच सकता है.

तेज हवाओं के बाद शुष्क मौसम का दौर

6 मार्च की सुबह तेज हवाएं चल रही थीं, लेकिन दोपहर होते-होते हवा की गति कम हो गई. अब अगले 6-7 दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है. 9 से 11 मार्च के बीच तापमान तेजी से बढ़ेगा, जबकि 12 मार्च को इसमें हल्की गिरावट देखी जा सकती है.

मध्य प्रदेश में भी गर्मी का असर

मध्य प्रदेश के कई इलाकों में भी तापमान में बदलाव देखा जा रहा है. भोपाल में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इंदौर में यह 10.8 डिग्री रहा. प्रदेश के कई शहरों में तापमान 6 से 10 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया. पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों में भी नजर आया, जिससे रात में हल्की ठंड रही, लेकिन दिन में गर्मी बढ़ने लगी है.

उत्तर प्रदेश में भी बढ़ेगा तापमान

उत्तर प्रदेश में भी अब मौसम शुष्क बना रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार, 12 मार्च तक यहां बारिश की संभावना कम है और तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी. राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री दर्ज किया गया. झांसी, अलीगढ़ और आगरा में तापमान 30 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है.

होली पर हल्की बारिश का अनुमान

होली के दिन मौसम थोड़ा बदला-बदला नजर आ सकता है. कुछ इलाकों में हल्की बौछारें पड़ सकती हैं, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है. हालांकि, दिन के समय गर्मी का असर बना रहेगा. अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत के कई शहरों में गर्मी तेज होगी, लेकिन होली के आसपास संभावित बारिश से लोगों को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag