16 जुलाई का मौसम: रथ यात्रा पर बारिश का महा-अलर्ट, इन इलाकों में होगी मूसलाधार बारिश

भारत मौसम विज्ञान विभाग IMD ने कल 16 जुलाई गुरुवार के लिए कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब मॉनसून को और तेज कर देगा।

calender

नई दिल्ली: भारत मौसम विज्ञान विभाग IMD ने कल 16 जुलाई गुरुवार के लिए कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब मॉनसून को और तेज कर देगा। इसी वजह से ओडिशा में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा पर भी आसमानी आफत का खतरा मंडरा रहा है।  

ओडिशा में रथ यात्रा पर रेड वार्निंग   

IMD ने ओडिशा के लिए 'रेड वार्निंग' जारी की है। विभाग के मुताबिक उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के पास बुधवार सुबह साढ़े 5 बजे कम दबाव का क्षेत्र बना। अगले 2 दिन में ये उत्तर ओडिशा और गंगा के मैदानी इलाकों की तरफ बढ़ेगा।  

इसके असर से 16 और 17 जुलाई को ओडिशा में कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पुरी में पहले ही 143.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड हो चुकी है। ग्रैंड रोड जैसे इलाकों में पानी भर गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से कहा है कि बिजली कड़कने पर पेड़ या अस्थायी टेंट के नीचे न रुकें।  

कल इन राज्यों में भारी बारिश का अनुमान   

IMD के अनुसार कम दबाव के कारण कल गंगीय पश्चिम बंगाल में भी कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर में अरुणाचल प्रदेश में बहुत भारी बारिश होगी। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कई हिस्सों में भी 16 जुलाई को तेज बारिश के आसार हैं।  

बिहार, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में भी 16 जुलाई को भारी वर्षा की संभावना है। IMD ने बताया कि बिहार-झारखंड में 7-11 सेमी तक बारिश का सिलसिला 17 और 21 जुलाई तक जारी रह सकता है।  

पहाड़ी और पश्चिमी राज्यों का हाल   

उत्तर-पश्चिम भारत और पहाड़ी इलाकों में उत्तराखंड में कल कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में कहीं-कहीं छिटपुट बारिश होगी। पश्चिम और दक्षिण भारत में कोंकण और गोवा में व्यापक बारिश होगी। तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के कुछ इलाकों में भी बारिश के चांस हैं।  

दिल्ली-NCR में गर्मी और उमस   

दिल्ली में बुधवार तड़के हल्की बारिश हुई थी, लेकिन राहत नहीं मिली। IMD ने कहा कि गुरुवार को अधिकतम तापमान 37°C से 39°C तक जा सकता है जो सामान्य से 3-5 डिग्री ज्यादा है। दिनभर बादल रहेंगे और बहुत हल्की बारिश की संभावना है। उमस बनी रहेगी।  

साथ ही तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में कल हीट वेव की स्थिति रह सकती है। कुल मिलाकर पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून का उग्र रूप देखने को मिलेगा, वहीं उत्तर भारत में गर्मी से फिलहाल राहत नहीं है।   First Updated : Thursday, 16 July 2026