'क्या तू मुसलमान है?' पूछकर 15 बार चाकू मारा, अमेरिका के एक मॉल में भारतीय युवक पर हमला
US के यूटा में स्थित एक मॉल में शॉपिंग के दौरान धर्म पूछकर एक भारतीय कर्मचारी पर जानलेवा हमला हुआ। आरोपी ने पहले पीड़ित से उसका नाम और धर्म पूछा, और "हाँ मुस्लिम हूँ" सुनते ही उस पर चाकू से वार शुरू कर दिया।

नई दिल्ली: US के यूटा में स्थित एक मॉल में शॉपिंग के दौरान धर्म पूछकर एक भारतीय कर्मचारी पर जानलेवा हमला हुआ। आरोपी ने पहले पीड़ित से उसका नाम और धर्म पूछा, और "हाँ मुस्लिम हूँ" सुनते ही उस पर चाकू से वार शुरू कर दिया।
मॉल में क्या हुआ था?
ये घटना सोमवार को वेस्ट वैली सिटी के वैली फेयर मॉल में हुई। कोर्ट दस्तावेजों के मुताबिक 48 साल के पीटर माइकल लार्सन कियोस्क पर काम कर रहे सोहेल के पास गया। उसने पहले पूछा "आप कहाँ से हैं?" सोहेल ने जवाब दिया "मैं भारत से हूँ, मेरा नाम सोहेल है।" इसके बाद लार्सन ने पूछा "क्या आप मुस्लिम हैं?"
सोहेल के "हाँ" कहते ही लार्सन ने चाकू निकाल लिया। पास की ज्वेलरी दुकान में काम करने वाली लूना नुनेज़ ने ABC साल्ट लेक सिटी को बताया कि लार्सन ने सोहेल से पानी की बोतल भी मांगी थी। जैसे ही सोहेल बोतल लेने मुड़ा, उस पर हमला कर दिया गया। GoFundMe कैंपेन के अनुसार सोहेल को 15 बार चाकू मारा गया। उसकी कई सर्जरी हुई हैं और हालत अभी भी गंभीर है।
आसपास के लोगों ने बचाई जान
पुलिस के आने से पहले मॉल में मौजूद लोगों ने लार्सन को दौड़कर पकड़ा और उसे काबू में किया। जांचकर्ताओं ने कहा कि लार्सन "जनता के लिए बड़ा खतरा" है क्योंकि उसकी "हिंसक सोच और बड़े पैमाने पर नुकसान की प्लानिंग" थी। लार्सन ने बाद में बताया कि उसने जान-बूझकर सोहेल को चुना क्योंकि वो "मुसलमानों को मारना चाहता था।" हिरासत में लेने से पहले लार्सन का इलाज भी किया गया क्योंकि उसे काबू करने के दौरान चोटें आई थीं।
दोस्तों और मैनेजर ने क्या कहा?
सोहेल के दोस्तों ने उसे मेहनती और परिवार का एकमात्र कमाने वाला बताया। लूना नुनेज़ ने KSL से कहा "उसके पास इंश्योरेंस नहीं है। उसके दो बच्चे और पत्नी हैं, और वे अभी काम नहीं कर रहे।" सोहेल के मैनेजर अदनान मोहम्मद ने इस हमले को नफ़रत से प्रेरित बताया।
उन्होंने Fox 13 से कहा, "ये पागलपन है। नफ़रत के लिए कोई जगह नहीं है। वो हमेशा मुस्कुराता था और बहुत मेहनत करता था। जब आप किसी इंसान को मारते हैं तो आप पूरे परिवार को खत्म करते हैं।" लूना नुनेज़ ने बताया कि हमले के दौरान वो जो भी हाथ लगा फेंक रही थी। "वो उसे बहुत बेरहमी से मार रहा था। मुझे लगा वो मर जाएगा।"
बढ़ती हेट क्राइम पर चिंता!
नागरिक अधिकार समूहों ने कहा है कि पिछले कुछ सालों में अमेरिका में मुसलमानों के खिलाफ घटनाएं बढ़ी हैं। इसके पीछे आप्रवासन विरोधी बयान, श्वेत वर्चस्ववादी गतिविधियां और गाजा युद्ध से जुड़े तनाव को वजह बताया जा रहा है। लार्सन पर हत्या की कोशिश और खतरनाक हथियार रखने का केस दर्ज हुआ है। उसे साल्ट लेक काउंटी जेल में रखा गया है।


