दुबई में दर्दनाक सड़क हादसा, 7 भारतीय कामगारों की मौत
दुबई में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कई भारतीय कामगारों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए.

नई दिल्ली: दुबई में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कई भारतीय कामगारों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. यह दुर्घटना एमिरेट्स रोड पर उस समय हुई जब श्रमिकों को लेकर जा रही एक मिनीबस सड़क पर खड़े एक ट्रक से जा टकराई. हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई यात्रियों को गंभीर चोटें आईं. स्थानीय अधिकारियों के अनुसार इस दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई है, जबकि नौ अन्य घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है.
कई लोग गंभीर रूप से घायल
दुबई पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क के बीचोंबीच खड़ा ट्रक तकनीकी खराबी का शिकार हो गया था. खराबी आने के बाद ट्रक सड़क पर ही रुक गया. इसी दौरान पीछे से आ रही मिनीबस समय रहते उसे नहीं देख सकी और सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई. टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मिनीबस को भारी नुकसान पहुंचा और उसमें सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
दुबई पुलिस के यातायात सामान्य विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर जुमा सलेम बिन सुवैदान ने बताया कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है. शुरुआती जानकारी के अनुसार बस चालक ने पर्याप्त सावधानी नहीं बरती और वाहन के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने में विफल रहा, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई. अधिकारियों का कहना है कि मामले की पूरी जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी.
हादसे के बाद आपातकालीन सेवाओं की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता.
इस दुखद घटना पर दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है. दूतावास ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि दुर्घटना में भारतीय नागरिकों की मौत की खबर बेहद दुखद है और इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ उनकी संवेदनाएं हैं. दूतावास के अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया है ताकि प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा सके.
भारतीय मिशन ने दिलाया भरोसा
भारतीय मिशन ने भरोसा दिलाया है कि मृतकों और घायलों के परिवारों की मदद के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. फिलहाल अधिकारियों ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि हादसे के समय मिनीबस में कुल कितने कामगार सवार थे. जांच एजेंसियां दुर्घटना के हर पहलू की पड़ताल कर रही हैं और आगे की जानकारी जांच पूरी होने के बाद सार्वजनिक की जाएगी.


