नई दिल्ली: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव गहराता जा रहा है. अफगान तालिबान की ओर से 55 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराने का दावा किए जाने के बाद पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन ग़ज़ब-लिल-हक” शुरू करने की घोषणा की है. दोनों देशों के बीच बढ़ता यह टकराव पूरे क्षेत्र की स्थिरता के लिए चिंता का विषय बन गया है.
पाकिस्तानी सरकारी चैनल PTV News के मुताबिक, यह अभियान अफगानिस्तान की ओर से किए गए “बिना उकसावे के हमलों” के जवाब में शुरू किया गया. पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने बताया कि हालिया झड़पों में 133 लोगों की मौत हुई है और 200 से ज्यादा घायल हुए हैं.
रक्षा मंत्री ने किया बड़ा दावा
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि देश की सेना तालिबान के हमलों का मजबूती से सामना कर रही है. उन्होंने खास तौर पर खैबर पख्तूनख्वा की प्रांतीय सरकार से अपील की कि वह संघीय सरकार और अन्य प्रांतों के साथ मिलकर राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर एकजुटता दिखाए.
तालिबान सरकार का पलटवार
दूसरी ओर, तालिबान के नेतृत्व वाली अफगान सरकार ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने पाकिस्तान की 19 सैन्य चौकियों और खोस्त प्रांत के अंजर सर इलाके में एक अहम मुख्यालय पर कब्जा कर लिया है. अफगान सरकार के उप प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि 203 मंसूरी कोर और 201 खालिद बिन वालिद कोर ने डूरंड लाइन के साथ 'भारी जवाबी हमला' शुरू किया है.
उन्होंने कहा कि अब तक एक मुख्यालय और 19 चौकियां उनके नियंत्रण में हैं. उनके अनुसार 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, जिनमें से 23 के शव बरामद किए गए हैं और कुछ सैनिकों को जिंदा पकड़ लिया गया है. साथ ही कई हथियार भी जब्त करने का दावा किया गया है. यह कार्रवाई पक्तिया, पक्तिका, नांगरहार और तोरखम गेट के आसपास जारी बताई गई है. तालिबान के प्रवक्ता जबिहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि यह सब पाकिस्तानी सेना के बार-बार किए गए हमलों के जवाब में किया गया है और सीमा के पास स्थित पाकिस्तानी ठिकानों पर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है.
हताहतों के आंकड़ों पर मतभेद
इस्लामाबाद ने अफगानिस्तान के दावों को सिरे से खारिज किया है. सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार के अनुसार, केवल दो पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और तीन घायल हुए हैं, जबकि 36 अफगान लड़ाके ढेर किए गए. पाकिस्तान का कहना है कि उसकी कार्रवाई पूरी तरह जवाबी और आत्मरक्षा के तहत है.
हवाई हमलों के बाद बढ़ा तनाव
पाकिस्तान द्वारा सीमा के पास हवाई हमले के बाद ये झड़प हुई है. पाकिस्तान का दावा है कि इन हमलों में आतंकवादी प्रशिक्षण शिविरों को निशाना बनाया गया था. हालांकि अफगानिस्तान ने कहा कि इन हमलों में महिलाएं और बच्चे मारे गए और इसे उसकी संप्रभुता का उल्लंघन बताया. टोरखम क्रॉसिंग के पास दोनों तरफ से भारी गोलीबारी की खबरें हैं. स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है. First Updated : Friday, 27 February 2026