Shehbaz Calls Emergency Meet: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब आम जनता की जिंदगी पर भी साफ दिखने लगा है. पाकिस्तान ने अपने हवाई क्षेत्र को पूरी तरह से बंद कर दिया है और इस्लामाबाद समेत पूरे देश में पेट्रोल और डीजल के सभी पंप 48 घंटे के लिए बंद कर दिए गए हैं. इसके अलावा, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हालात की गंभीरता को देखते हुए नेशनल कमांड अथॉरिटी (NCA) की आपात बैठक बुलाई है.
दरअसल, पाकिस्तान की ओर से हाल ही में भारत के खिलाफ कई ड्रोन हमले किए गए. 8 और 9 मई की रात पाकिस्तान ने भारत की उत्तरी और पश्चिमी सीमाओं की दिशा में लगभग 300 से 400 ड्रोन भेजे. इन ड्रोन हमलों का निशाना भारत के सैन्य ठिकाने, एयरपोर्ट और अन्य अहम इन्फ्रास्ट्रक्चर थे.
भारत ने इन सभी हमलों का मुंहतोड़ जवाब दिया. भारतीय सेना और वायुसेना ने बराक-8, एस-400 ट्रायम्फ, आकाश जैसी मिसाइल प्रणालियों और स्वदेशी एंटी-ड्रोन तकनीकों का इस्तेमाल कर अधिकांश ड्रोन को नष्ट कर दिया. इन ड्रोन में से कई तुर्की के बने हुए 'असीसगार्ड सोंगर' मॉडल के थे.
इन हमलों के बाद पाकिस्तान ने देशभर में एयर इमरजेंसी घोषित कर दी है. पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी (PAA) ने सभी तरह की फ्लाइट्स पर रोक लगा दी है. कोई भी कमर्शियल फ्लाइट न उड़ान भर रही है, न लैंड कर रही है. एक पीआईए की फ्लाइट को तो इमरजेंसी में उतरना पड़ा.
इस्लामाबाद कैपिटल टेरिटरी एडमिनिस्ट्रेशन ने सभी पेट्रोल और डीजल पंपों को 48 घंटे के लिए बंद करने का आदेश जारी किया है. यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि आपात स्थिति में तेल का सही इस्तेमाल हो सके और भीड़भाड़ ना हो.
हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने नेशनल कमांड अथॉरिटी की एक आपात बैठक बुलाने का फैसला लिया है. यह संस्था पाकिस्तान के परमाणु हथियारों और राष्ट्रीय सुरक्षा नीति से जुड़े फैसले लेती है. रॉयटर्स के मुताबिक, भारत के जवाबी सैन्य एक्शन के बाद पाकिस्तान ने ऑपरेशन ‘बनयान-उन-मर्सूस’ शुरू किया है. इसको लेकर भी बैठक में अहम चर्चा होने की संभावना है.
भारत और पाकिस्तान के बीच इस तरह का सीधा टकराव लंबे समय बाद देखने को मिला है. दोनों देशों की सेनाएं हाई अलर्ट पर हैं, और आम नागरिकों की जिंदगी पर इसका असर बढ़ता जा रहा है. अब देखना होगा कि यह टकराव कूटनीति की मेज तक आता है या और तेज होता है. First Updated : Saturday, 10 May 2025