मौत की अफवाहों के बीच नेतन्याहू का नया वीडियो आया सामने, Grok ने पुराने क्लिप को बताया था 'डीपफेक'
इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने अपने पहले वीडियो पर उठे डीपफेक विवाद के बाद नया वीडियो जारी कर यह संकेत दिया कि वह सुरक्षित और सक्रिय हैं. इससे पहले उनके कॉफी शॉप वाले वीडियो को एआई चैटबॉट ग्रोक ने संभावित डीपफेक बताया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई.

इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो जारी किया. यह वीडियो ऐसे समय में सामने आया जब उनके पहले पोस्ट किए गए एक क्लिप को लेकर इंटरनेट पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया था. दरअसल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चैटबॉट Grok ने उस पुराने वीडियो को संभावित रूप से डीपफेक बताते हुए फ्लैग कर दिया था. नए वीडियो में नेतन्याहू खुले और प्राकृतिक माहौल में नजर आ रहे हैं, जहां चारों तरफ हरियाली और पहाड़ दिखाई दे रहे हैं.
नेतन्याहू का नया वीडियो
वीडियो में वे लोगों से बातचीत करते हुए भी दिखते हैं, जिससे यह संदेश देने की कोशिश की गई कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं और सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. दरअसल, एक दिन पहले नेतन्याहू के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (Twitter) अकाउंट से एक वीडियो साझा किया गया था, जिसने देखते ही देखते इंटरनेट पर चर्चा छेड़ दी. यह वीडियो उन अफवाहों के जवाब में पोस्ट किया गया था, जिनमें दावा किया जा रहा था कि ईरान के हमले में उनकी मौत हो गई है. उस क्लिप में नेतन्याहू एक कॉफी शॉप में बैठे नजर आए थे. वीडियो में उन्होंने अपनी मौत की खबरों पर हल्का-फुल्का व्यंग्य करते हुए कहा था, “मैं तो कॉफी के लिए मरा जा रहा हूं.”
שומרים על ההנחיות ומנצחים ביחד >> pic.twitter.com/HC5w3PqKuV
— Benjamin Netanyahu - בנימין נתניהו (@netanyahu) March 16, 2026
हालांकि, इस वीडियो के सामने आने के बाद कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने इसकी प्रामाणिकता पर सवाल उठाने शुरू कर दिए. विवाद तब और गहरा गया जब एआई चैटबॉट ग्रोक ने वीडियो में कुछ ऐसी तकनीकी गड़बड़ियों की ओर इशारा किया, जो आमतौर पर डीपफेक वीडियो में देखी जाती हैं. उदाहरण के तौर पर, वीडियो में नेतन्याहू के कप में कॉफी का स्तर लगभग पूरे समय एक जैसा दिखाई दे रहा था. इसके अलावा उनके होंठों की गतिविधियां भी ऑडियो के साथ पूरी तरह स्वाभाविक रूप से मेल नहीं खा रही थीं. इन बातों ने वीडियो को लेकर संदेह को और बढ़ा दिया.
यूज़र ने किया सवाल
जब एक यूज़र ने ग्रोक से इस क्लिप की सच्चाई के बारे में सवाल किया, तो उसने जवाब दिया कि यह संभवतः आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से तैयार किया गया डीपफेक हो सकता है. चैटबॉट ने यह भी कहा कि हो सकता है इसे व्यंग्य या हास्य के तौर पर पोस्ट किया गया हो, लेकिन वीडियो में मौजूद संकेत इसकी वास्तविकता पर सवाल खड़े करते हैं.
इस पूरे विवाद के बाद प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने सोमवार को नया वीडियो रिकॉर्ड कर जारी किया. माना जा रहा है कि इसके जरिए उन्होंने यह दिखाने की कोशिश की कि वह सुरक्षित हैं और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय बने हुए हैं.


