अमेरिका-ईरान युद्ध के बीच ‘कुर्बानी के लिए तैयार’ लोग, हुआ सामूहिक निकाह, तस्वीरें वायरल

अमेरिका के साथ जारी तनाव और सैन्य संघर्ष के बीच ईरान की राजधानी तेहरान में सोमवार को एक अनोखा सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया. जहां 100 से अधिक जोड़ों ने विवाह की रस्में निभाईं.

Yashika Jandwani

नई दिल्ली: अमेरिका के साथ जारी तनाव और सैन्य संघर्ष के बीच ईरान की राजधानी तेहरान में सोमवार को एक अनोखा सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया. इस समारोह में उन जोड़ों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने देश के लिए युद्ध में बलिदान देने की इच्छा जताते हुए सरकार समर्थित योजना में अपना रजिस्ट्रेशन कराया था. बता दें, इस कार्यक्रम का आयोजन मध्य तेहरान स्थित इमाम हुसैन स्क्वायर में किया गया, जहां 100 से अधिक जोड़ों ने विवाह की रस्में निभाईं.

क्या था इसका उद्देश्य 

ईरानी मीडिया के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य युद्ध के माहौल के बीच जनता का मनोबल मजबूत करना और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना था. इस दौरान एक खास बात ये रही कि इस पूरे समारोह का सीधा प्रसारण ईरानी टेलीविजन पर किया गया. वहीं अब  इसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहे हैं. 

सैन्य जीपों आई बारात 

बता दें, कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे कई जोड़े सैन्य जीपों में सवार होकर इमाम हुसैन चौक पहुंचे। इन जीपों पर मशीनगनें लगी हुई थीं, जिससे पूरे आयोजन में युद्ध जैसा माहौल साफ दिखाई दे रहा था. इसके साथ ही मंच को रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया था और एक धर्मगुरु की मौजूदगी में विवाह की रस्में पूरी कराई गईं. इस दौरान समारोह स्थल पर ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई की बड़ी तस्वीर भी लगाई गई थी. 

शादी के अधिकार को लेकर बोली युवती 

बताया जा रहा है कि ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ और राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भी “आत्मबलिदान” योजना के समर्थन में अपने नाम दर्ज कराए हैं. मेहर समाचार एजेंसी द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में सफेद इस्लामी दुल्हन की पोशाक पहने एक युवती ने कहा, “देश युद्ध की स्थिति में है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि युवाओं को अपनी जिंदगी और शादी का अधिकार नहीं मिलना चाहिए."

बता दें, अमेरिका के साथ संघर्ष बढ़ने के बाद ईरानी सरकार लगातार ऐसे आयोजनों के जरिए जनता को एकजुट रखने और शासन के प्रति समर्थन मजबूत करने की कोशिश कर रही है. पिछले कुछ हफ्तों में देशभर में कई समर्थन रैलियां और सार्वजनिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो