अमेरिका में लापता भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव मिला, दूतावास ने की पुष्टि
कैलिफोर्निया में छह दिनों से लापता भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव बरामद होने से गहरा दुख फैल गया है. सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय कॉन्सुलेट ने इसकी पुष्टि करते हुए परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है.

नई दिल्ली: अमेरिका के कैलिफोर्निया से एक दुखद खबर सामने आई है. पिछले छह दिनों से लापता भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव बरामद कर लिया गया है. इस घटना से परिवार और भारतीय समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है.
22 वर्षीय साकेत के लापता होने के बाद बड़े स्तर पर तलाश अभियान चलाया गया था. अब सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय कॉन्सुलेट ने शव मिलने की पुष्टि करते हुए परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है. पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
6 दिन बाद मिला शव
जानकारी के मुताबिक साकेत को आखिरी बार 9 फरवरी को यूनिवर्सिटी कैंपस से करीब एक किलोमीटर दूर देखा गया था. इसके बाद से ही वह लापता हो गया था. परिजनों की अपील के बाद स्थानीय प्रशासन और समुदाय की मदद से व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया.
तलाश के दौरान एक पार्क के पास स्थित घर से उसका बैग बरामद हुआ था, जिसमें पासपोर्ट और लैपटॉप मौजूद थे. इसके बाद 14 फरवरी को स्थानीय पुलिस ने लेक एंजा से साकेत का शव बरामद किया. हालांकि आधिकारिक पुष्टि 15 फरवरी को की गई.
कर्नाटक से था नाता
साकेत मूल रूप से कर्नाटक का रहने वाला था और उसकी उम्र महज 22 वर्ष थी. वह यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया बर्कले में केमिकल और बायो मॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था. इससे पहले उसने बेंगलुरु के श्री वाणी एजुकेशन सेंटर में शिक्षा प्राप्त की थी.
बताया गया है कि वह उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका गया था और मास्टर डिग्री कर रहा था.
दूतावास ने दिया सहायता का भरोसा
साकेत की मौत के बाद भारतीय दूतावास का बयान भी सामने आया है. दूतावास ने कहा, "हम परिवार की हरसंभव मदद के लिए तैयार हैं. हम लोकल पुलिस और प्रशासन से संपर्क में हैं. जितनी जल्दी हो सके पार्थिव शरीर को भारत भेजने की व्यवस्था की जाएगी. हमारे अधिकारी परिवार के सीधे संपर्क में हैं."
पिछले कुछ वर्षों में विदेशों में भारतीय छात्रों के लापता होने और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामलों में वृद्धि देखी गई है, जिससे चिंता और गहरी हो गई है.


