पाकिस्तान में बवाल: इमरान समर्थकों का उग्र प्रदर्शन, जरदारी ने छोड़ा इस्लामाबाद

पाकिस्तान में सियासी हलचल तेज हो गई है. इमरान खान के समर्थकों के उग्र प्रदर्शन ने कई शहरों में तनाव बढ़ा दिया है.हालात बिगड़ने के बीच राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के इस्लामाबाद छोड़ने की खबर ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: पाकिस्तान में राजनीतिक तापमान एक बार फिर उबाल पर है. पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के समर्थन में शनिवार रात कई बड़े शहरों में उग्र प्रदर्शन देखने को मिले. कराची, लाहौर, इस्लामाबाद और रावलपिंडी में सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारियों ने जमकर हंगामा किया, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए.

इन घटनाओं के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और कई जगह पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें हुईं. उधर, राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के इस्लामाबाद छोड़ने की खबर ने सियासी हलकों में हलचल तेज कर दी है.

कई शहरों में हिंसक प्रदर्शन

शनिवार रात इमरान खान के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए. प्रदर्शन के दौरान कई स्थानों पर हालात बेकाबू हो गए. पुलिस ने जब भीड़ को रोकने की कोशिश की तो प्रदर्शनकारी हिंसक हो उठे. कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया और पुलिस पर पथराव शुरू हो गया.

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया. सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया.

'जीने दो कराची' अभियान के तहत निकले कार्यकर्ता

बताया गया है कि जमात-ए-इस्लामी के कार्यकर्ता शहर की खराब सड़कों, ड्रेनेज समस्या और बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर ‘जीने दो कराची’ अभियान के तहत सैकड़ों की संख्या में सड़कों पर उतरे थे. वे सिंध असेंबली की ओर मार्च कर रहे थे.

पुलिस द्वारा बैरिकेड लगाए जाने पर कार्यकर्ताओं ने विरोध तेज कर दिया और टकराव की स्थिति बन गई.

आंसू गैस और लाठीचार्ज, 10 हिरासत में

हालात बिगड़ते देख पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े. जब भीड़ पीछे नहीं हटी तो लाठीचार्ज किया गया. इसके बाद प्रदर्शनकारी पीछे हटे.

पुलिस ने 10 लोगों को हिरासत में लिया है. बताया गया है कि ये स्थानीय नेता थे जो भीड़ को भड़का रहे थे. पार्टी का साउंड सिस्टम भी जब्त कर लिया गया.

राष्ट्रपति जरदारी ने छोड़ा इस्लामाबाद

प्रदर्शनों के बीच राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी इस्लामाबाद से रवाना होकर दक्षिण पंजाब पहुंचे, जहां वे पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेंगे. इस दौरान बिलावल भुट्टो और आसिफा भुट्टो की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

आदियाला जेल के बाहर जुटी भीड़

इमरान खान को नई जेल में शिफ्ट किए जाने की खबर के बाद पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के कार्यकर्ता रावलपिंडी की आदियाला जेल के बाहर इकट्ठा हो गए. जेल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. इमरान खान अगस्त 2023 से वहीं बंद हैं.

जरदारी का बयान

प्रदर्शनों के बीच राष्ट्रपति ने कहा, "वे यह त्याग नहीं कर सकते; उनमें हिम्मत नहीं है. वे सिर्फ बातें कर सकते हैं. मैंने भी 14 साल जेल में बिताए हैं, मुश्किलें झेली हैं, लेकिन कभी हिम्मत नहीं हारी."

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag