राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका की हत्या की साजिश, आतंकी के पास मिला घर का नक्शा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप की हत्या की एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है. IRGC से प्रशिक्षित इराकी आतंकी मोहम्मद बाकर साद दाऊद अल-सादी ने सुलेमानी की मौत का बदला लेने के लिए इवांका को निशाना बनाया था.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप को मारने की एक बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है. ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से प्रशिक्षण प्राप्त एक आतंकवादी ने इवांका की हत्या का पूरा प्लान तैयार कर लिया था. सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते इस खतरनाक साजिश को नाकाम कर दिया है.

आतंकी की पहचान

आतंकवादी की पहचान 32 वर्षीय इराकी नागरिक मोहम्मद बाकर साद दाऊद अल-सादी के रूप में हुई है. 'द पोस्ट' अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, अल-सादी IRGC से जुड़ा हुआ था और काफी समय से ट्रंप परिवार को निशाना बनाने की योजना बना रहा था.

सुलेमानी की मौत का बदला

अल-सादी अपने गुरु कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेना चाहता था. छह साल पहले बगदाद में अमेरिकी ड्रोन हमले में सुलेमानी मारे गए थे. यह हमला डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर हुआ था. अल-सादी इसे अपने गुरु की हत्या मानता था और तभी से ट्रंप परिवार के खिलाफ आक्रोश में था.

इवांका के घर की रेकी

जांच में पता चला कि अल-सादी फ्लोरिडा में इवांका ट्रंप के आलीशान घर की लगातार जासूसी कर रहा था. उसके पास से उस घर का पूरा ब्लूप्रिंट भी बरामद हुआ है. उसने इवांका को मारने और पूरे ट्रंप परिवार को तबाह करने की कसम खाई थी. 

आतंकी का खुला बयान

वाशिंगटन में इराकी दूतावास के पूर्व डिप्टी मिलिट्री अटैची एंतिफाध कनबर ने बताया कि सुलेमानी की मौत के बाद अल-सादी लोगों से कहता था, “हमें इवांका ट्रंप को मारना होगा. हमें ट्रंप के पूरे घर को उसी तरह जला देना चाहिए, जैसे उन्होंने हमारे घर को तबाह किया था.”

सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी सफलता

सुरक्षा बलों ने अल-सादी को गिरफ्तार कर लिया है. इस साजिश को IRGC का समर्थन प्राप्त बताया जा रहा है. अमेरिकी खुफिया एजेंसियां इस मामले की गहराई से जांच कर रही हैं. फिलहाल इवांका ट्रंप और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

यह घटना अमेरिका-ईरान तनाव को फिर से बढ़ा सकती है. ट्रंप परिवार लंबे समय से कई देशों के कुछ समूहों के निशाने पर रहा है. सुरक्षा एजेंसियां ऐसे आतंकियों पर सख्त नजर रखे हुए हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो