Heatwave Alert: दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में अगले 7 दिन लू का कहर, दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में 97 भारत के
दिल्ली, यूपी समेत देश के कई राज्यों में अगले सात दिनों तक भीषण गर्मी और लू का कहर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है, जबकि दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में 97 शहर भारत के दर्ज किए गए हैं.

नई दिल्ली: देशभर में गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य भारत के कई हिस्सों में भीषण लू का असर अगले एक सप्ताह तक जारी रहने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले छह से सात दिनों तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई इलाकों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर रह सकता है.
भीषण गर्मी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शुक्रवार को दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में से 97 शहर भारत के रहे. कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि कुछ इलाकों में रात के समय भी गर्म हवाओं से राहत नहीं मिल रही है.
यूपी और मध्य प्रदेश में चलेगी तेज लू
मौसम विभाग के मुताबिक 22 मई से 28 मई के बीच उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में लू का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है. खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में भीषण गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगा तापमान
आईएमडी ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कई इलाकों में 24 से 27 मई के बीच तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. इस दौरान भीषण लू चलने की आशंका है, जिससे लोगों को दिन के समय घर से बाहर निकलने में परेशानी हो सकती है.
राजस्थान में गर्मी का रेड अलर्ट
राजस्थान के कई हिस्सों में भी गर्मी का प्रकोप बना रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार 22 से 28 मई तक राज्य में लू की स्थिति बनी रह सकती है. वहीं पश्चिमी राजस्थान में 24 से 28 मई के दौरान अत्यधिक गर्म हवाएं चलने और तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहने की संभावना है.
पहाड़ी राज्यों में भी बढ़ी गर्मी
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में भी कई जगहों पर लू जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई गई है. इसके अलावा विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी भीषण गर्मी पड़ सकती है.
भारत के शहर सबसे ज्यादा गर्म
AQI.in के अनुसार, शुक्रवार दोपहर दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में से 97 भारत में थे. ओडिशा का बालांगीर 48 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म स्थान रहा. इसके बाद बिहार का सासाराम और उत्तर प्रदेश का वाराणसी भीषण गर्मी की चपेट में रहे.


