नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच जारी गतिरोध अब एक बेहद संवेदनशील मोड़ पर पहुंच चुका है. दोनों देशों के बीच प्रस्तावित शांति डील अभी फाइनल नहीं हो पाई है और इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एक नई सोशल मीडिया पोस्ट ने दुनिया भर में हलचल मचा दी है. ट्रंप ने अपने अकाउंट पर AI द्वारा तैयार की गई एक तस्वीर शेयर की है.
राष्ट्रपति ट्रंप की ‘एआई’ चेतावनी
डोनाल्ड ट्रंप द्वारा शेयर की गई इस एआई तस्वीर में वे खुद अमेरिकी सेना की वर्दी पहने नजर आ रहे हैं और उनकी उंगली सामने की तरफ इशारा कर रही है. उनके ठीक ऊपर से अमेरिकी फाइटर जेट्स आगे की ओर उड़ान भर रहे हैं जबकि नीचे गहरे समंदर की लहरों को चीरते हुए अमेरिकी युद्धपोत आगे बढ़ रहे हैं.
डील को लेकर मैराथन बैठक
यह पोस्ट ऐसे समय में आई है जब वाइट हाउस के सिचुएशन रूम में ईरान के साथ डील को लेकर मैराथन बैठकें चल रही हैं लेकिन ट्रंप की अंतिम मंजूरी का इंतजार होने के कारण अभी तक कोई ठोस फैसला नहीं हो सका है.
रक्षा सचिव का सख्त रुख
सिंगापुर में चल रहे सुरक्षा शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेठ ने भी ईरान को लेकर बेहद आक्रामक रुख अपनाया है. हेगसेठ ने साफ शब्दों में कहा कि यदि कूटनीतिक बातचीत नाकाम होती है तो अमेरिकी सेना ईरान पर फिर से हमले करने के लिए पूरी तरह से तैयार है.
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ईरान की जवाबी धमकी
ईरान ने भी अमेरिका की इस घेराबंदी के आगे झुकने से इनकार कर दिया है. ईरानी सेना ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले सभी वाणिज्यिक और नौसैनिक जहाजों के लिए एक ताजा गाइडलाइन जारी की है. ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के मुताबिक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का यह रणनीतिक जलमार्ग अभी भी पूरी तरह ईरानी सेना के नियंत्रण में है.
अमेरिकी नौसेना की बड़ी कार्रवाई
इस तनाव के बीच जमीनी स्तर पर सैन्य टकराव भी शुरू हो चुका है. अमेरिकी सेना ने ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी को तोड़ने की कोशिश कर रहे गाम्बिया के ध्वज वाले एक मालवाहक वाणिज्यिक जहाज 'लियान स्टार' को ओमान की खाड़ी में रोक दिया है.
ईरान की समुद्री नाकेबंदी शुरू
बता दे कि 28 फरवरी को शुरू हुए युद्ध के बाद ईरान द्वारा होर्मुज को बंद करने के जवाब में अमेरिका ने 17 अप्रैल से ईरान की समुद्री नाकेबंदी शुरू की थी. अब तक अमेरिकी सेना नाकेबंदी का उल्लंघन करने वाले ऐसे छह जहाजों को रोक चुकी है. First Updated : Sunday, 31 May 2026