अमेरिका में F-35 फाइटर जेट क्रैश: पायलट ने किया सुरक्षित इजेक्शन, टला बड़ा हादसा

अमेरिका के नेलिस एयर फोर्स बेस के पास F-35 फाइटर जेट क्रैश हो गया, जिससे कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया. हालांकि पायलट ने समय रहते इजेक्ट कर अपनी जान बचा ली.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: अमेरिका में एक बड़ा सैन्य हादसा सामने आया है, जहां नेवादा स्थित नेलिस एयर फोर्स बेस के पास एक अत्याधुनिक लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस घटना ने कुछ समय के लिए पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी, हालांकि राहत की बात यह रही कि पायलट सुरक्षित बच निकला.

शुरुआती रिपोर्ट्स में इस हादसे को F-15 फाइटर जेट से जोड़ा गया था, लेकिन बाद में स्पष्ट किया गया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान F-35 था. यह हादसा लास वेगास के पास क्लार्क काउंटी में हुआ, जहां आपातकालीन स्थिति घोषित कर दी गई थी.

नेलिस एयर फोर्स बेस के पास हुआ हादसा

यह दुर्घटना नेवादा के क्लार्क काउंटी में लास वेगास के नजदीक हुई. एयर फोर्स के अनुसार, यह घटना अमेरिकी समयानुसार शाम करीब 5 बजे और भारतीय समयानुसार देर रात सामने आई.

संभावित क्रैश की सूचना मिलते ही बेस पर तुरंत इमरजेंसी अलर्ट जारी कर दिया गया और सुरक्षाबलों को सक्रिय कर दिया गया.

कैसे हुआ पूरा हादसा?

शुरुआत में हादसे को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई थी. बाद में सोशल मीडिया अपडेट्स के जरिए पुष्टि हुई कि एक फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हुआ है.

करीब 5 बजकर 42 मिनट पर जानकारी दी गई कि पायलट को ढूंढ लिया गया है और वह सुरक्षित है. उसे मामूली चोटें आई हैं और मेडिकल टीम द्वारा इलाज के लिए भेजा गया है.

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह विमान लास वेगास से लगभग 25 मील उत्तर-पूर्व में इंडियन स्प्रिंग्स इलाके के पास क्रैश हुआ. पहले विमान के लापता होने की सूचना मिली थी, लेकिन बाद में उसी क्षेत्र में उसका मलबा बरामद किया गया.

पायलट ने समय रहते किया इजेक्ट

एयर फोर्स के मुताबिक, विमान के क्रैश होने से पहले ही पायलट ने सुरक्षित तरीके से इजेक्ट कर लिया था. हालांकि शुरुआती समय में पायलट का कोई पता नहीं चल पाया, जिसके बाद तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया.

घटनास्थल पर इमरजेंसी टीमें और सुरक्षाकर्मी पहुंच गए और पूरे इलाके को घेर लिया गया.

हादसे की वजह की जांच जारी

पहले कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया था कि विमान में तकनीकी खराबी या उड़ान के दौरान संतुलन बिगड़ने जैसी समस्या आई थी. हालांकि, अभी तक दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है.

अमेरिकी वायुसेना ने मामले की जांच शुरू कर दी है, ताकि हादसे की असली वजह का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो