अब बिना नया अकाउंट बनाए बदल सकेंगे अपनी Gmail ID, Google का नया फीचर यूजर्स को देगा डबल फायदा

गूगल जल्द ही Gmail यूजर्स को अपना ईमेल एड्रेस बदलने की सुविधा देने जा रहा है. साथ ही AI इनबॉक्स जैसे नए फीचर्स भी जोड़े जा रहे हैं, जिससे ईमेल मैनेज करना और आसान हो जाएगा.

Shraddha Mishra

अगर आपने कभी अपने पुराने या अजीब से Gmail एड्रेस को बदलने की इच्छा की है, तो अब आपके लिए अच्छी खबर है. टेक दिग्गज Google जल्द ही ऐसा फीचर ला रहा है, जिससे यूजर्स अपना Gmail पता बदल सकेंगे, वह भी बिना नया अकाउंट बनाए. यह बदलाव लाखों यूजर्स के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है.

अब तक Gmail यूजर्स को अपना ईमेल एड्रेस बदलने के लिए नया अकाउंट बनाना पड़ता था, जिससे पुराने डेटा और मेल्स को संभालना मुश्किल हो जाता था. लेकिन अब यह परेशानी खत्म होने जा रही है. सुंदर पिचाई ने खुद इस नए फीचर की जानकारी दी है. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि पुराने समय के ईमेल एड्रेस अब बदलने का वक्त आ गया है. इसका मतलब साफ है कि यूजर्स अब अपने पुराने और असुविधाजनक ईमेल नाम से छुटकारा पा सकते हैं.

कैसे बदलें अपना Gmail एड्रेस?

इस नए फीचर का इस्तेमाल करना काफी आसान होगा. यूजर्स को अपने Google अकाउंट की सेटिंग्स में जाकर नया उपलब्ध ईमेल एड्रेस चुनना होगा. सबसे खास बात यह है कि आपका पुराना अकाउंट और उसमें मौजूद सभी डेटा सुरक्षित रहेगा. यानी आपको किसी भी तरह की जानकारी खोने का डर नहीं होगा. 

ईमेल एड्रेस बदलने के बाद भी आपका पुराना Gmail पता पूरी तरह खत्म नहीं होगा. वह आपके अकाउंट से जुड़ा रहेगा और कोई दूसरा व्यक्ति उसे इस्तेमाल नहीं कर पाएगा. इसके अलावा, अगर कोई व्यक्ति आपके पुराने एड्रेस पर मेल भेजता है, तो वह भी उसी इनबॉक्स में पहुंच जाएगा. यानी आपको दोनों एड्रेस का फायदा मिलेगा. फिलहाल यह सुविधा सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है. इसे चरणबद्ध तरीके से कुछ चुनिंदा लोगों के लिए शुरू किया गया है. आने वाले समय में इसे सभी के लिए जारी किया जाएगा.

Gmail में आ रहा है AI का नया दौर

ईमेल एड्रेस बदलने के फीचर के अलावा Google Gmail में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े कई नए बदलाव भी कर रहा है. कंपनी ने “AI इनबॉक्स” नाम से एक नई सुविधा पेश की है, जो आपके ईमेल को समझकर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दिखाएगी.

इस फीचर की मदद से जरूरी ईमेल पहले दिखाई देंगे, जबकि कम जरूरी मेल पीछे चले जाएंगे. इसके साथ ही “सुझाए गए कार्य” नाम का सेक्शन भी मिलेगा, जिसमें बिल पेमेंट या जरूरी कामों से जुड़े मेल हाइलाइट किए जाएंगे. इसके अलावा, “ट्रैकिंग सेक्शन” में आपकी यात्रा, बुकिंग या रेस्टोरेंट रिजर्वेशन से जुड़ी जानकारी एक ही जगह पर मिल जाएगी.

AI इनबॉक्स फिलहाल केवल अमेरिका में कुछ यूजर्स के लिए ही शुरू किया गया है. हालांकि, Google का AI टूल Gemini पहले से ही Gmail में मेल का सारांश तैयार करने जैसे काम कर रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो