महंगाई का असर: प्रीमियम पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े, घर से निकलने से पहले जान लें नई कीमतें
देश में प्रीमियम पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे आम लोगों की जेब पर असर पड़ सकता है. हालांकि सामान्य ईंधन दरें स्थिर हैं, लेकिन कच्चे तेल में उछाल से आगे कीमतें बढ़ने की आशंका बनी हुई है.

नई दिल्ली: देश में ईंधन कीमतों को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. बुधवार को जारी ताजा दरों के अनुसार प्रीमियम पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे वाहन चालकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है.
हालांकि आम पेट्रोल-डीजल की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन कच्चे तेल में उछाल और अन्य कारकों के चलते बाजार में दबाव बना हुआ है. ऐसे में घर से निकलने से पहले अपने शहर के रेट जरूर चेक कर लेना जरूरी हो गया है.
प्रीमियम पेट्रोल-डीजल के बढ़े दाम
दिल्ली में इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंपों पर XP100 पेट्रोल की कीमत 149 रुपये से बढ़कर 160 रुपये प्रति लीटर हो गई है. वहीं, एक्स्ट्रा ग्रीन डीजल के दाम 91.49 रुपये से बढ़कर 92.99 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं.
दूसरी ओर, इंडियन ऑयल, HPCL और भारत पेट्रोलियम जैसी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने सामान्य पेट्रोल-डीजल के दामों में कोई बदलाव नहीं किया है.
दिल्ली में सामान्य पेट्रोल-डीजल के रेट
1 अप्रैल सुबह 6 बजे जारी दरों के अनुसार, दिल्ली में सामान्य पेट्रोल की कीमत ₹94.77 प्रति लीटर और डीजल ₹87.67 प्रति लीटर बनी हुई है.
देश में सबसे सस्ता पेट्रोल और डीजल पोर्ट ब्लेयर में मिल रहा है, जहां पेट्रोल ₹82.46 और डीजल ₹78.05 प्रति लीटर है.
पेट्रोल की कीमत कैसे तय होती है
दिल्ली में पेट्रोल की कीमत कई हिस्सों को जोड़कर तय की जाती है. इंडियन ऑयल के आंकड़ों के मुताबिक 1 अप्रैल को पेट्रोल का बेस प्राइस ₹74.97 प्रति लीटर है.
इसके ऊपर लगभग ₹4.40 प्रति लीटर डीलर कमीशन जोड़ा जाता है. इसके बाद वैट, जिसमें कमीशन पर लगने वाला टैक्स भी शामिल है, ₹15.40 प्रति लीटर लगाया जाता है. इन सभी को मिलाकर खुदरा कीमत ₹94.77 प्रति लीटर बनती है.
डीजल की कीमत का पूरा गणित
डीजल की कीमत भी इसी प्रक्रिया के तहत तय होती है. जारी आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में डीजल का बेस प्राइस ₹71.81 प्रति लीटर है.
इसके ऊपर ₹3.03 प्रति लीटर डीलर कमीशन और ₹12.83 प्रति लीटर वैट जोड़ा जाता है, जिससे अंतिम कीमत ₹87.67 प्रति लीटर बनती है.
पश्चिम बंगाल में पेट्रोल के ताजा दाम
पश्चिम बंगाल के अलग-अलग शहरों में पेट्रोल की कीमतें अलग-अलग स्तर पर बनी हुई हैं. कोलकाता और हावड़ा में पेट्रोल ₹104.99 प्रति लीटर है.
इसके अलावा अलीपुर में ₹104.99, बहरामपुर में ₹106.12, बांकुड़ा में ₹105.19, बारासात में ₹105.24, वर्धमान में ₹105.33, कूचबिहार में ₹106.14, हुगली में ₹105.52, कृष्णानगर में ₹106.07, मेदिनीपुर में ₹105.37, पुरुलिया में ₹106.05, रायगंज में ₹105.36, सूरी में ₹105.43 और तामलुक में ₹104.61 प्रति लीटर पेट्रोल मिल रहा है.
कच्चे तेल में उछाल
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखी जा रही है. अमेरिका-ईरान-इजरायल के बीच चल रहे तनाव के कारण ब्रेंट क्रूड 1.71 डॉलर बढ़कर 105.68 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है.
वहीं, WTI क्रूड भी 1.44 डॉलर की बढ़त के साथ 102.82 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है. होर्मूज जलडमरूमध्य के बंद होने से अमेरिका में गैस की कीमतें 4 डॉलर प्रति गैलन के पार पहुंच गई हैं.


