बंगाल चुनाव से पहले आसनसोल में बवाल: हनुमान मंदिर में तोड़फोड़, बीजेपी का सड़क पर प्रदर्शन
पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच आसनसोल में हनुमान मंदिर में तोड़फोड़ की घटना ने सियासत को गरमा दिया है.घटना के बाद बीजेपी ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है.

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में 2026 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है. धार्मिक स्थलों पर हमलों की घटनाएं बढ़ने से राज्य की राजनीति में तनाव और तेज हो गया है, जिससे कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं.
नंदीग्राम और हुगली के बाद अब आसनसोल के काली पहाड़ी इलाके में एक प्राचीन हनुमान मंदिर में तोड़फोड़ की घटना सामने आई है. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है.
मंदिर में घुसकर की गई तोड़फोड़
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को कुछ असामाजिक तत्व मंदिर परिसर में घुस गए और वहां मौजूद हनुमान जी की मूर्ति के साथ-साथ शिवलिंग, ब्रह्मा, विष्णु और अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाया.
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और गुस्से का माहौल बन गया.
बीजेपी नेताओं का विरोध प्रदर्शन
घटना के बाद बीजेपी ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया. आसनसोल दक्षिण से पार्टी उम्मीदवार अग्निमित्रा पाल और अन्य नेता मौके पर पहुंचे और समर्थकों के साथ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.
बीजेपी नेताओं ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में लगातार हिंदू धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने नंदीग्राम और हुगली की घटनाओं का जिक्र करते हुए इसे एक सुनियोजित साजिश बताया.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
अग्निमित्रा पाल ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मंदिर और आसपास के इलाके में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था नहीं है, जिससे सुरक्षा और जांच दोनों पर सवाल खड़े होते हैं.
उन्होंने कहा कि सिर्फ जांच का भरोसा देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी जरूरी है.
थाने के सामने धरना, सड़क जाम
घटना के विरोध में अग्निमित्रा पाल के नेतृत्व में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने आसनसोल दक्षिण थाना के सामने धरना शुरू कर दिया है.
प्रदर्शनकारियों ने जीटी रोड पर टायर जलाकर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे शहर की रफ्तार थम गई. यह सड़क आसनसोल की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है, जिसके बंद होने से आम जनजीवन पर गहरा असर पड़ा है.
भारी पुलिस बल की तैनाती
हालात को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में भारी पुलिस बल और केंद्रीय बलों की तैनाती कर दी है. बड़ी संख्या में बीजेपी समर्थक थाने के सामने बैठे हुए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.


