लखनऊ में हैवानियत की हद पार: UPSC छात्रा से गैंगरेप, 3 दिन तक बंधक बनाकर किया शोषण

पीड़िता के मुताबिक कमरे पर पहुंचने के बाद मुख्य आरोपी शिवम यादव ने उसे कॉफी पीने को दी। कॉफी में नींद की गोली मिली थी। बेहोश होने पर शिवम ने उसके साथ गलत काम किया।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: दिल्ली में UPSC की तैयारी कर रही एक युवती के साथ लखनऊ में गैंगरेप का मामला सामने आया है। पीड़िता जौनपुर से ट्रेन से दिल्ली जा रही थी। रास्ते में चारबाग स्टेशन पर एक परिचित युवक ने उसे ट्रेन से उतार लिया। इसके बाद आरोपी उसे सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में अपने कमरे पर ले गया।

कॉफी में नशीली दवा मिलाकर की दरिंदगी   

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पीड़िता के मुताबिक कमरे पर पहुंचने के बाद मुख्य आरोपी शिवम यादव ने उसे कॉफी पीने को दी। कॉफी में नींद की गोली मिली थी। बेहोश होने पर शिवम ने उसके साथ गलत काम किया।

उसी शाम शिवम के एक दोस्त ने भी जबरदस्ती की। अगले दिन तीसरा लड़का भी कमरे पर पहुंच गया। इसके बाद तीनों आरोपियों ने तीन दिन तक बारी बारी से युवती से रेप किया।

डरी सहमी हालत में दिल्ली भेजा   

तीन दिन तक शोषण के बाद 17 मई को आरोपी शिवम ने सुशांत गोल्फ सिटी से चारबाग के लिए कैब बुक की। उसने सुहेलदेव एक्सप्रेस में स्लीपर टिकट पर पीड़िता को दिल्ली भेज दिया। डरी सहमी युवती ने हिम्मत करके परिवार को पूरी बात बताई।

पिता ने तुरंत 139 रेलवे हेल्पलाइन पर मदद मांगी। GRP टीम ने ट्रेन में युवती से संपर्क किया और उसे आनंद विहार थाने ले गई। वहां परिजनों के पहुंचने पर युवती के बयान के आधार पर केस दर्ज हुआ।

युवती आरोपी को चार साल से जानती थी  

पीड़िता दिल्ली के एक निजी कॉलेज से बीए ऑनर्स कर रही है। 1 मई को छुट्टियों में वह जौनपुर गई थी। 15 मई को एग्जाम का एडमिट कार्ड लेने दिल्ली लौट रही थी। पिता ने उसे जाफराबाद स्टेशन से सुहेलदेव एक्सप्रेस में बैठाया था।

ट्रेन चलने के बाद उसने वॉट्सऐप पर जलालपुर, जौनपुर के रहने वाले शिवम यादव को मैसेज किया। शिवम को वह चार साल से जानती थी। शिवम अपने दोस्त शनि यादव के साथ चारबाग स्टेशन पर मिला और बार बार कहकर उसे ट्रेन से उतार लिया।

प्लानिंग के तहत किया गया अपहरण   

कमरे पर शनि खाना लेने चला गया। वापस आकर खाना देकर निकल गया। खाना खाने के बाद शिवम ने कॉफी दी। कॉफी पीते ही युवती को नींद आने लगी। विरोध करने पर शिवम ने जबरदस्ती की। 16 मई को शनि ने भी दुष्कर्म किया। आरोपी कमरे में बाहर से ताला लगाकर जाते थे ताकि पीड़िता भाग न सके। 17 मई को तीसरा अज्ञात लड़का भी शामिल हो गया।

पुलिस की पांच टीमें कर रहीं तलाश   

गौरतलब है कि एडीसीपी साउथ ने बताया कि 22 मई को दिल्ली के आनंद विहार में केस दर्ज हुआ था। अब मामला लखनऊ ट्रांसफर हो गया है। पुलिस की पांच टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी और पीड़िता का परिवार रिश्तेदार है और दोनों पांच साल से एक दूसरे को जानते हैं। मुख्य आरोपी शिवम यादव जौनपुर के जलालपुर का रहने वाला है।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो