कान्स रेड कार्पेट पर छाया बिहार का देसी अंदाज, कृष्ण भक्ति के रंग में रंगीं दिखीं सान्या ठाकुर
इस साल बिहार की 27 वर्षीय अभिनेत्री सान्या ठाकुर ने अपनी जड़ों और अनूठी संस्कृति को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित कर इतिहास रच दिया है. कान्स रेड कार्पेट पर सान्या ठाकुर राधा रानी लुक में पहुंची.

नई दिल्ली: कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 के रेड कार्पेट पर दुनिया भर के सितारों का ग्लैमरस अंदाज देखने को मिल रहा है. विदेशी सरजमीं पर जहां ज्यादातर अभिनेत्रियां वेस्टर्न गाउन और मॉडर्न कट्स में अपनी मौजूदगी दर्ज कराती हैं. वहीं इस साल बिहार की 27 वर्षीय अभिनेत्री सान्या ठाकुर ने अपनी जड़ों और अनूठी संस्कृति को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित कर इतिहास रच दिया है.
'राधा रानी' के अवतार में एंट्री
सान्या ठाकुर ने कान्स के रेड कार्पेट पर बिल्कुल पारंपरिक 'राधा रानी' के अवतार में एंट्री लेकर हर किसी को हैरान कर दिया. उनका यह देसी रूप सोशल मीडिया पर टॉक ऑफ द टाउन बन गया है. फैंस और फैशन समीक्षक उनकी तस्वीरें देखकर जमकर प्यार बरसा रहे हैं.
पारंपरिक स्वरूप को चुना
आमतौर पर कान्स जैसे मंचों पर फ्यूजन या इंडो-वेस्टर्न लुक को तवज्जो दी जाती है लेकिन सान्या ने बिना किसी हिचकिचाहट के पूरी तरह से पौराणिक और पारंपरिक स्वरूप को चुना.
रॉयल लुक
इस लहंगे को ऑफ-वाइट या क्रीम टोन के बेस फैब्रिक पर तैयार किया गया है. लहंगे के ऊपर पेस्टल पिंक, स्काई ब्लू, लाइट येलो, ब्राइट ऑरेंज और पीच जैसे कोमल रंगों के धागों से बेहद महीन और सघन कढ़ाई की गई है. पूरे घेरे पर फ्लोरल और पारंपरिक भारतीय मोटिफ्स उकेरे गए हैं जो पोशाक को एक राजसी और गरिमामयी लुक दे रहे हैं. इस कारीगरी को और निखारने के लिए चांदी के धागों, चमचमाते सेक्विन और असली मिरर वर्क का इस्तेमाल किया गया है.
कीमती स्टोन्स से हुआ हाइलाइट
सान्या ने इस स्कर्ट के साथ मैचिंग हाफ स्लीव्स का ब्लाउज कैरी किया. जिस पर वही पारंपरिक कढ़ाई दोहराई गई है. ब्लाउज की नेकलाइन को हैवी मिरर और कीमती स्टोन्स से हाइलाइट किया गया है. जो ठीक वैसा ही है जैसा डिजाइन लहंगे की वेस्टबैंड पर नजर आता है. इस भारी-भरकम लहंगे को संतुलित करने के लिए उन्होंने मल्टीकलर नेट का एक बेहद हल्का दुपट्टा लिया, जिसमें पिंक, येलो और ब्लू शेड्स का मिक्स था. दुपट्टे के बॉर्डर पर पतली सेक्विन पट्टी दी गई है जो पूरे लुक में परफेक्ट बैलेंस बनाती है.
पारंपरिक आभूषण और कृष्ण भक्ति के प्रतीक
सान्या ने अपने इस लुक की एक्सेसरीज और स्टाइलिंग की हर एक छोटी डिटेल पर बेहद गहराई से काम किया. उन्होंने माथे पर सलीके से सजी माथा पट्टी, कानों में भारी राजस्थानी शैली के झुमके और हाथों में लहंगे के रंगों से मैच करती रंग-बिरंगी चूड़ियां पहनीं. गले में एक बेहद डेलिकेट और महीन नेकलेस था. चेहरे पर सजी एक छोटी सी नथ ने उनके इस राधा रूप को पूर्णता दी.
बांसुरी को भी किया हाइलाइट
सान्या ने अपने बालों को सॉफ्ट कर्ल्स के साथ हाफ-पिनअप किया था. जिसके बीच उन्होंने एक छोटी सी बांसुरी खोंसी हुई थी. जिसके शीर्ष पर लगा मोर पंख सीधे तौर पर राधा-कृष्ण के प्रेम और भक्ति को प्रदर्शित कर रहा था. इसके अलावा वह अपने हाथ में भी एक सुंदर बांसुरी थामे हुए रेड कार्पेट पर आगे बढ़ीं.
सॉफ्ट और सटल लुक
सान्या ने इसे बहुत लाउड रखने के बजाय सॉफ्ट और सटल रखा. ग्लॉसी पिंक लिप्स और न्यूड शेड आईशैडो के साथ उनके चेहरे का मुख्य आकर्षण था. सान्या ठाकुर की इस गहरी सोच और सांस्कृतिक प्रस्तुति ने कान्स 2026 में भारत का नाम एक अलग ही गौरव के साथ ऊंचा कर दिया है.


