पाकिस्तान में बड़ा हमला! बलूचिस्तान में खुफिया ऑपरेशन के दौरान 4 सुरक्षाकर्मी ढेर, 7 घायल

पाकिस्तान में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही. बलूचिस्तान में खुफिया ऑपरेशन के दौरान 4 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई, जबकि 7 घायल हैं. वहीं खैबर पख्तूनख्वा में घात लगाकर शांति समिति के 4 सदस्यों की हत्या ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

नई दिल्ली: पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षाबलों पर हुए हमले में चार सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल बताए जा रहे हैं. बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद के अनुसार, शनिवार को कुचलुक और नोहसर इलाके में खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षाकर्मी कार्रवाई के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान मुठभेड़ में दोनों पक्षों के बीच भारी गोलीबारी हुई.

अधिकारियों के मुताबिक, इस कार्रवाई में नौ हमलावरों के मारे जाने की भी सूचना है. घायल सुरक्षाकर्मियों को इलाज के लिए क्वेटा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. बलूचिस्तान में पिछले कुछ समय से सुरक्षा बल लगातार खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान चला रहे हैं, जहां अलगाववादी और उग्रवादी गतिविधियां लगातार चुनौती बनी हुई हैं.

कब और कैसे शुरू हुआ अभियान?

बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने बताया कि सुरक्षाबलों को कुचलुक और नोहसर इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली थी. इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त अभियान शुरू किया. कार्रवाई के दौरान हमलावरों ने सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर दिया, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई. रिपोर्ट्स के अनुसार, इस ऑपरेशन में चार सुरक्षाकर्मी मारे गए, जबकि सात अन्य घायल हो गए. अधिकारियों ने बताया कि घायल जवानों का इलाज क्वेटा में जारी है.

नौ हमलावरों के मारे जाने का दावा

सुरक्षा एजेंसियों की ओर से दावा किया गया है कि जवाबी कार्रवाई में नौ हमलावर भी मारे गए. हालांकि, इस पूरे अभियान को लेकर विस्तृत जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है. इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और तलाशी अभियान जारी है.

खैबर पख्तूनख्वा में भी हिंसक वारदात

इसी बीच रविवार को उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में भी हिंसा की बड़ी घटना सामने आई. डेरा इस्माइल खान की कुलाची तहसील में हथियारबंद हमलावरों ने स्थानीय शांति समिति के सदस्यों को निशाना बनाया. भारी हथियारों से लैस हमलावरों ने घात लगाकर हमला किया, जिसमें शांति समिति के चार सदस्यों की मौत हो गई. हमले के बाद इलाके में दहशत फैल गई.

एक सदस्य का अपहरण भी

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, हमलावर घटना के बाद समिति के एक सदस्य का अपहरण कर अपने साथ ले गए. अभी तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है. सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो