8 घंटे की पूरी कहानी, 3 ब्रेक... हांगकांग में रणवीर सिंह की फिल्म का ऐसा क्रेज, बैक-टू-बैक दिखाई जाएगी ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’

रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ विदेशों में जबरदस्त सफलता हासिल कर रही है. हांगकांग में फिल्म के लिए मैराथन स्क्रीनिंग शुरू की गई है, जबकि बॉक्स ऑफिस पर यह सीमित थिएटर में भी शानदार कमाई कर रही है.

Shraddha Mishra

रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में दर्शकों का दिल जीत रही है. खासकर विदेशों में इस फिल्म का क्रेज जिस तरह बढ़ रहा है, वह भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. अमेरिका से लेकर ऑस्ट्रेलिया तक शानदार कमाई करने के बाद अब हांगकांग में फिल्म को लेकर अलग ही दीवानगी देखने को मिल रही है. हांगकांग में फिल्म की लोकप्रियता को देखते हुए वहां के एक थिएटर ने एक अनोखा कदम उठाया है. 

यहां ‘धुरंधर मैराथन’ नाम से एक खास इवेंट आयोजित किया जा रहा है, जिसमें फिल्म के दोनों पार्ट- धुरंधर और धुरंधर 2 को एक साथ दिखाया जाएगा. दोनों फिल्मों का कुल समय लगभग 8 घंटे का है. दर्शकों को आराम देने के लिए इस दौरान तीन ब्रेक भी रखे गए हैं. यह आयोजन इस बात का सबूत है कि वहां के दर्शकों के बीच इस फिल्म के लिए कितना उत्साह है. इस खास मैराथन स्क्रीनिंग का ऐलान हांगकांग में फिल्म के वितरक द्वारा किया गया है. उन्होंने बताया कि फिल्म को मिल रहे शानदार रिस्पॉन्स के चलते यह फैसला लिया गया है. सोशल मीडिया पर भी इस इवेंट को लेकर काफी चर्चा हो रही है.

बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन

सिर्फ इवेंट ही नहीं, बल्कि बॉक्स ऑफिस के आंकड़े भी फिल्म की सफलता की कहानी बता रहे हैं. धुरंधर 2 ने हांगकांग में बिना चाइनीज सबटाइटल के ही 1 मिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर लिया है, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है. खास बात यह है कि यह कमाई सिर्फ दो सिनेमाघरों से हुई है. इतने सीमित संसाधनों के बावजूद फिल्म का प्रदर्शन बेहद मजबूत रहा है.

रिलीज के 12 दिनों के भीतर फिल्म 2 मिलियन डॉलर के करीब पहुंच चुकी है. अब जब फिल्म में चाइनीज सबटाइटल भी जोड़ दिए गए हैं, तो उम्मीद की जा रही है कि इसकी कमाई में और तेजी आएगी. विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में यह फिल्म हांगकांग में भारतीय फिल्मों के पुराने रिकॉर्ड को चुनौती दे सकती है.

ओवरसीज मार्केट में मजबूत पकड़

दुनियाभर में भी धुरंधर 2 का प्रदर्शन शानदार रहा है. फिल्म ने विदेशों में अब तक 37 मिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई कर ली है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 350 करोड़ रुपये के बराबर है. यह आंकड़ा दर्शाता है कि फिल्म की लोकप्रियता सिर्फ भारतीय दर्शकों तक सीमित नहीं है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इसे खूब पसंद किया जा रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो