‘वेलकम टू द जंगल’ में भोजपुरी स्टार बने अक्षय कुमार, ‘घिस घिस घिस’ गाने पर बड़ा अपडेट
अक्षय कुमार फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' में पहली बार भोजपुरी एक्टर के मजेदार किरदार में नजर आएंगे, जिसके लिए उन्होंने अक्षरा सिंह से भी मदद ली है.

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार अपनी आगामी कॉमेडी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं. इस मल्टीस्टारर फिल्म में अक्षय एक बिल्कुल अलग और अनोखे अंदाज में दिखाई देने वाले हैं. खबरों के मुताबिक, इस बार वह भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े एक कलाकार की भूमिका निभा रहे हैं, जो फिल्म का सबसे मजेदार और खास हिस्सा माना जा रहा है.
किरदार के लिए अक्षय ने किस से ली मदद?
बताया जा रहा है कि अपने किरदार को पूरी तरह असली और मनोरंजक बनाने के लिए अक्षय कुमार ने भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री अक्षरा सिंह से भी मदद ली है. फिल्म से जुड़े सूत्रों के अनुसार, अक्षय ने इस किरदार की तैयारी में काफी मेहनत की है और उन्होंने भोजपुरी स्टाइल, बोलचाल और परफॉर्मेंस को बारीकी से समझने की कोशिश की.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में कई ऐसे दृश्य हैं जहां अक्षय अपने किरदार में पूरी तरह डूबे हुए नजर आएंगे. खास तौर पर एक गाने में उनका अंदाज दर्शकों को चौंकाने के साथ-साथ खूब हंसाने वाला है. फिल्म के चर्चित गाने “घिस घिस घिस” में अक्षय कुमार भोजपुरी स्टाइल में डांस करते दिखाई देंगे. इस गाने में उनका मजाकिया और एनर्जेटिक अवतार फिल्म की कॉमिक थीम को और मजबूत बनाता है.
फिल्म की कहानी भी काफी दिलचस्प बताई जा रही है. कहा जा रहा है कि इसमें एक भोजपुरी कलाकार की यात्रा दिखाई जाएगी, जो छोटे स्तर से शुरुआत करके अंतरराष्ट्रीय सिनेमा की दुनिया तक पहुंचता है. इस सफर के दौरान उसकी जिंदगी में कई मजेदार घटनाएं और उलझनें सामने आती हैं, जिन्हें हास्य के अंदाज में पेश किया जाएगा.
जल्द रिलीज होगा गाना “घिस घिस घिस”
फिल्म के निर्माता दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ाने के लिए लगातार नए अपडेट साझा कर रहे हैं. इसी कड़ी में फिल्म का गाना “घिस घिस घिस” जल्द रिलीज होने वाला है. अक्षरा सिंह ने भी सोशल मीडिया पर इस गाने से जुड़ी जानकारी साझा की है, जिससे फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है.
इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी बड़ी स्टारकास्ट मानी जा रही है. अक्षय कुमार के अलावा सुनील शेट्टी, दिशा पटानी, जैकलीन फर्नांडिस, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, रवीना टंडन और लारा दत्ता जैसे कई बड़े सितारे फिल्म में नजर आएंगे. फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी और इसे साल की बड़ी मनोरंजक फिल्मों में गिना जा रहा है.


