बंगाल में TMC को फिर लगा बड़ा झटका, पार्टी मुख्यालय खाली करने का नोटिस

पश्चिम बंगाल में चुनावी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं. अब पार्टी को अपने अस्थायी मुख्यालय को भी खाली करने का नोटिस मिला है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में लगातार बदलते हालात के बीच तृणमूल कांग्रेस की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. विधानसभा चुनाव में हार और सत्ता से बाहर होने के बाद अब पार्टी को अपने अस्थायी मुख्यालय को लेकर भी नई चुनौती का सामना करना पड़ रहा है. कोलकाता के ईएम बाइपास के पास स्थित जिस इमारत से पार्टी पिछले कुछ समय से अपना कामकाज चला रही थी, उसके मालिक ने तृणमूल नेतृत्व को दो महीने के भीतर भवन खाली करने का नोटिस भेज दिया है.

भवन का मालिक कौन? 

यह बहुमंजिला इमारत एपी कैनाल साउथ रोड पर स्थित है. भवन के मालिक मनोतोस साहा ने पार्टी को स्पष्ट रूप से कहा है कि तय समय सीमा के अंदर कार्यालय खाली कर दिया जाए. जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2022 में तृणमूल कांग्रेस ने तपसिया स्थित अपने पुराने मुख्यालय के पुनर्निर्माण के कारण इस इमारत को अस्थायी कार्यालय के तौर पर किराये पर लिया था. शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच दो वर्षों का समझौता हुआ था, जिसे बाद में कुछ समय के लिए आगे बढ़ा दिया गया.

अब किराये की अवधि समाप्त हो चुकी है और भवन मालिक अपनी संपत्ति वापस लेना चाहते हैं. मोंटू साहा का कहना है कि 4 मई को चुनाव परिणाम आने के बाद से उन्हें अपनी इमारत की सुरक्षा को लेकर चिंता सताने लगी थी. उनका दावा है कि उन्हें भवन पर संभावित हमले या नुकसान की आशंका थी. इसलिए उन्होंने पार्टी से जगह खाली करने का अनुरोध किया. उन्होंने यह भी बताया कि तृणमूल नेतृत्व ने मौखिक रूप से दो महीने के भीतर भवन खाली करने का आश्वासन दिया है और किराये से जुड़ा पूरा भुगतान भी कर दिया गया है.

विधायक कुणाल घोष ने क्या कहा?  

इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता और विधायक कुणाल घोष ने कहा कि पार्टी ने भवन किराये पर लिया था और यदि मालिक अब अपनी संपत्ति वापस चाहते हैं तो यह उनका अधिकार है. सूत्रों के अनुसार, तपसिया रोड स्थित पार्टी के पुराने और स्थायी मुख्यालय का मरम्मत व पुनर्निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है. ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि तृणमूल कांग्रेस जल्द ही अपने पुराने कार्यालय में लौट सकती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो