युद्ध की आहट के बीच शांति की उम्मीद... अमेरिका-ईरान आज आमने-सामने, इस्लामाबाद में हाई सिक्योरिटी जोन

ईरान और अमेरिका के बीच युद्धविराम की वार्ता चल रही है, जिसे लेकर हर कोई उम्मीद भरी नजरों से देख रहा है. हालांकि संकेत उतने उत्साहजनक नहीं हैं, फिर भी दोनों पक्षों को यह बात अब साफ हो चुकी है कि युद्ध से सिर्फ भारी नुकसान ही होगा.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आज अहम वार्ता होने जा रही है. दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण माहौल साफ दिखाई दे रहा है क्योंकि बातचीत शुरू होने से पहले ही नेताओं के तीखे बयानों ने माहौल को गर्म कर दिया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ चेतावनी दी है कि अगर ईरान नहीं माना तो हथियारों से लदे जहाज तैयार हैं. वहीं ईरान की तरफ से भी सख्त रुख अपनाया गया है और वार्ता से पहले शर्तें रख दी गई हैं. 

क्या आमने-सामने होगी बातचीत?

वार्ता में शामिल ईरान के स्पीकर मोहम्मद गालिबाफ जिस प्लेन में सवार थे, उसमें उन स्कूली बच्चों की तस्वीरें और बैग रखे थे, जो 28 फरवरी को अमेरिकी-इजरायली हमलों में मारी गई थीं. ईरान ने लेबनान में सीजफायर और उसकी जब्त संपत्तियों को रिलीज करने जैसी शर्तें वार्ता के पहले रखी हैं. वहीं इस्लामाबाद रवाना अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरान को किसी भी चालबाजी से बाज आने की नसीहत दी है.  

सेरेना होटल में प्रतिनिधिमंडलों की मेजबानी 

इस्लामाबाद का सेरेना होटल प्रतिनिधिमंडलों की मेजबानी करेगा. राजधानी के रेड जोन में विदेश मंत्रालय के बगल में स्थित ये होटल महत्वपूर्ण सरकारी इमारतों और दूतावासों के बीच स्थित है. इस होटल को बुधवार शाम से रविवार तक के लिए बुक कर लिया गया है और मेहमानों से होटल खाली करा लिया गया है. ये भी बताया जा रहा है कि चूंकि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री मेजबान हैं, इसलिए बातचीत हिलटॉप पर स्थित प्रधानमंत्री आवास में भी हो सकती है.  

ईरान की तरफ से ईरानी संसद के अध्यक्ष और पूर्व सैन्य कमांडर मेजर जनरल कलिबफ मुहम्मद बाकिर कलिबफ, विदेश मंत्री अब्बास अराघची, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव, उप विदेश मंत्री और इस्लामाबाद में ईरान के राजदूत मौजूद होंगे. वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि अगर शांति समझौता नहीं हुआ तो अमेरिका फिर से ईरान पर हमला कर देगा.  

अमेरिका का रूख

अमेरिका की तरफ से उप राष्ट्रपति जेडी वेंस, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शीर्ष दूत स्टीव विटकॉफ और दामाद जेरेड कुशनर इस युद्धविराम वार्ता में हिस्सा लेंगे. सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ शनिवार सुबह सबसे पहले वार्ता की औपचारिक शुरूआत करेंगे. वो दोनों पक्षों के साथ अलग-अलग प्रारंभिक बैठकें करेंगे. इसके बाद पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार दोनों देशों के नेताओं के बीच अलग-अलग कमरे में समन्वय बनाने की कोशिश करेंगे. एक बार दोनों के बीच समन्वय बन जाने पर ही आमना-सामना कराया जाएगा. पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर इस मीटिंग का हिस्सा होंगे या नहीं, इस बारे में अब तक कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है.  

कितने बजे बातचीत शुरू होगी और कब तक चलेगी?

माना जा रहा है शनिवार सुबह बातचीत नौ बजे के आसपास औपचारिक रूप से शुरू होगी और उस दिन मुख्य बातों पर ही फोकस रहेगा. एक बार सहमति बनने के बाद हो सकता है कि दोनों टीम वहां से रवाना हो जाएं और आगे की बातचीत के लिए फिर से दोनों देशों के अधिकारी एक-एक प्वाइंट पर डिस्कस करें. ये भी दावा किया जा रहा है कि ये वार्ता लगातार दो से तीन दिन तक चल सकती है. इसके साथ ही पाकिस्तान ने ऐसी व्यवस्था की है कि ईरान और अमेरिका से कोई भी अधिकारी या नेता बगैर वीजा पाकिस्तान आ सकता है. मतलब इमरजेंसी में अगर ईरान या अमेरिका के किसी नेता या अधिकारी को पाकिस्तान आना पड़ा तो उन्हें वीजा लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी.  

क्यों पाकिस्तान बरत रहा गोपनियता?

सबसे खास बात ये है कि शुक्रवार को खबरें आईं थीं कि ईरान का प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान पहुंच गया है, मगर अब तक कोई दावा नहीं कर रहा है कि ईरान की तरफ से वार्ता के लिए कौन पहुंचा है. वहीं अमेरिका से आज ये कंफर्म किया गया कि वेंस पाकिस्तान के लिए रवाना हो चुके हैं. माना जा रहा है कि पाकिस्तान में सुरक्षा कारणों और अमेरिका-ईरान में विश्वास की कमी के कारण ज्यादा गोपनियता बरती जा रही है और किसी भी तरह की जानकारी नहीं दी जा रही है. पाकिस्तान को भी पता है कि अगर उसकी जमीन पर किसी भी नेता को कुछ भी हुआ तो वो देश पाकिस्तान को कभी माफ नहीं करेगा. 

यही कारण है कि खुद मुनीर और शहबाज शरीफ एक-एक बात का ध्यान रख रहे हैं. वहीं अमेरिका और ईरान फिलहाल अपनी तरफ से धमकियां देकर अपनी शर्तें मनवाने के लिए लगातार दबाव बना रहे हैं.  

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो