पेरिस में PM MODI का LLM को लेकर बड़ा ऐलान, कहा- AI की दुनिया में ऐतिहासिक कदम उठाने जा रहा भारत
प्रधानमंत्री मोदी ने समिट में कहा कि आज AI एक अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है और भारत के पास दुनिया का सबसे बड़ा प्रतिभा पूल है. साथ ही उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि भारत पर लोगों के डेटा की सुरक्षा की जिम्मेदारी है.

PM Modi in France: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस में चल रहे AI एक्शन समिट में भारतीय AI के विकास को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की. उन्होंने बताया कि भारत अपने लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLM) पर काम कर रहा है, जो AI की दुनिया में एक बड़ी पहल होगी. इस समिट में भारत, फ्रांस और कनाडा के साथ सह-अध्यक्षता कर रहा है, जहां AI के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हो रही है.
प्रधानमंत्री मोदी ने समिट में कहा कि आज AI एक अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है और भारत के पास दुनिया का सबसे बड़ा प्रतिभा पूल है. साथ ही उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि भारत पर लोगों के डेटा की सुरक्षा की जिम्मेदारी है. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मशीनों की ताकत बढ़ने से कुछ लोग चिंतित हैं, लेकिन इसमें चिंता की कोई बात नहीं है, क्योंकि यह तकनीक लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए काम करेगी.
🚨PM Modi highlights both the potential and biases of AI, stressing the need for responsible governance.
-He calls for global cooperation to set AI standards that uphold shared values, ensuring innovation benefits everyone, especially the Global South.
-AI can revolutionise… pic.twitter.com/xGqTrDfOld— BALA (@erbmjha) February 11, 2025
AI से लाखों लोगों की जिंदगी में बदलाव
PM मोदी ने यह भी बताया कि AI से लाखों लोगों की जिंदगी में बदलाव आएगा, और रोजगार का स्वरूप बदलने वाला है. उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी कभी नौकरियों को नहीं छीनती, बल्कि नए अवसरों का सृजन करती है. इसके लिए हमें लोगों को AI के उपयोग के लिए तैयार करना होगा.
इसके अलावा, उन्होंने भारत के LLM के विकास पर भी जोर दिया और कहा कि भारत जल्द ही अपना लार्ज लैंग्वेज मॉडल तैयार करेगा. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी पहले इस बात की पुष्टि की थी. इसके साथ ही भारत AI क्षेत्र में अपनी कंप्यूटर इंफ्रास्ट्रक्चर को भी मजबूत करेगा. हाल ही में, सरकार ने 18,000 GPUs की सहायता से AI कंप्यूट इंफ्रास्ट्रक्चर स्थापित करने की घोषणा की थी, जिसका उपयोग स्टूडेंट्स और स्टार्टअप्स AI विकास के लिए करेंगे. इसके अलावा, केंद्रीय बजट में AI क्षेत्र के लिए 500 करोड़ रुपये का बजट भी आवंटित किया गया है.
भारत के लिए अपना LLM महत्वपूर्ण
पेरिस में आयोजित AI एक्शन समिट में दुनिया भर के नेता और टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट्स AI के विभिन्न उपयोग और विकास पर विचार-विमर्श कर रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी बताया कि भारत के लिए अपना LLM तैयार करना महत्वपूर्ण है, क्योंकि चीन और अमेरिका इस क्षेत्र में आगे बढ़ चुके हैं. जहां अमेरिका के पास ChatGPT और अन्य AI बॉट्स हैं, वहीं चीन के पास भी अपने AI स्टार्टअप्स हैं. भारत का अपना LLM लॉन्च होने पर भारतीय यूजर्स के लिए बेहतर सेवाएं मिलेंगी और डेटा का इस्तेमाल लोकल लैंग्वेज और जरूरतों के हिसाब से किया जा सकेगा.


