हॉर्मुज जलडमरूमध्य बना जंग का मैदान! ईरान के मिसाइल हमले में भारतीय नाविक की मौत, 8 लोग घायल

ईरान ने स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में UAE के दो तेल टैंकरों पर मिसाइल हमला कर दिया, जिसमें एक भारतीय नाविक की मौत हो गई है. जबकि छह भारतीयों समेत आठ लोग घायल बताए जा रहे हैं.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में सोमवार देर रात बड़ा हमला हुआ, जब ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दो तेल टैंकरों को निशाना बनाया. इस हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए. घायलों में छह भारतीय और दो यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं. कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. इस घटना के बाद खाड़ी क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है.

UAE ने हमले की पुष्टि की

संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने इस हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि उसके झंडे वाले दो तेल टैंकर 'मोम्बासा' और 'बहिया' पर मिसाइलों से हमला किया गया. मंत्रालय के अनुसार, 'मोम्बासा' टैंकर पर तैनात एक भारतीय नाविक की जान चली गई, जबकि कई अन्य चालक दल के सदस्य घायल हुए हैं.

भारत के प्रति संवेदना जताई

UAE के विदेश मंत्रालय (MoFA) ने इस हमले की कड़ी निंदा की है. मंत्रालय ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताया और कहा कि देश अपनी सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएगा. साथ ही, मंत्रालय ने मृतक भारतीय नाविक के परिवार, भारत सरकार और भारतीय नागरिकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की तथा सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.

ट्रंप के बयान के बाद बढ़ा तनाव

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में खुद को हॉर्मुज जलडमरूमध्य का "गार्जियन" बताते हुए वहां से गुजरने वाले जहाजों पर 20 प्रतिशत टोल लगाने की घोषणा की थी. उनका कहना है कि अमेरिका जहाजों को सुरक्षा देगा और इसके बदले शुल्क वसूलेगा.

हॉर्मुज में बढ़ी सैन्य गतिविधियां

बताया जा रहा है कि ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने हॉर्मुज क्षेत्र में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं. इसके जवाब में अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की समुद्री निगरानी और नाकेबंदी फिर से शुरू करने की घोषणा की है. ट्रंप ने कहा कि यह कार्रवाई मुख्य रूप से ईरान और उसके साथ व्यापार करने वाले देशों को निशाना बनाएगी, जबकि अन्य देशों के जहाजों को इस रणनीतिक समुद्री मार्ग से गुजरने की अनुमति दी जाएगी. 

इस घटना ने एक बार फिर हॉर्मुज जलडमरूमध्य को वैश्विक चिंता का केंद्र बना दिया है, क्योंकि दुनिया के बड़े हिस्से का तेल व्यापार इसी समुद्री मार्ग से होकर गुजरता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो