ईरान का बड़ा दावा: US के कई फाइटर जेट्स तबाह, जॉर्डन में बड़ा बवाल!

पश्चिम एशिया में संघर्ष एक बार फिर तेज हो गया है। ईरान ने दावा किया है कि उसने जॉर्डन में तैनात कई अमेरिकी सैन्य विमानों पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया है।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में संघर्ष एक बार फिर तेज हो गया है। ईरान ने दावा किया है कि उसने जॉर्डन में तैनात कई अमेरिकी सैन्य विमानों पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया है। ये हमला ईरान के अंदर रातभर हुए अमेरिकी हमलों के जवाब में किया गया बताया जा रहा है। इस हमले में कम से कम 8 लोगों की मौत की खबर है।  

IRGC का दावा: फाइटर जेट्स और टैंकर तबाह   

ईरान के इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स कोर यानी IRGC ने कहा कि उनके हमले में अमेरिका के कई फ्यूल भरने वाले टैंकर विमान और फाइटर जेट्स ध्वस्त हो गए। कई अन्य विमानों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है।  

IRGC ने जॉर्डन के लोगों से अपील भी की कि वे अपने देश में मौजूद "आक्रामक और इस्लाम विरोधी" अमेरिकी हितों को निशाना बनाएं। हालांकि ईरान के इस दावे की अभी तक अमेरिका या जॉर्डन की तरफ से कोई पुष्टि नहीं हुई है।  

सीरिया के अल-तनफ पर भी हमले का आरोप   

ईरानी मीडिया के मुताबिक, IRGC ने सीरिया के अल-तनफ में मौजूद US स्पेशल ऑपरेशन कमांड सेंटर पर भी हमला किया। उनका कहना है कि ये हमला ईरानशहर में मारे गए ईरानी सैनिकों के बदले में किया गया है।  

गौरतलब है कि अमेरिकी सेना ने फरवरी 2026 में कहा था कि उसने सीरिया, जॉर्डन और इराक की सीमा के संगम पर स्थित अल-तनफ बेस से वापसी कर ली है। इस हमले पर न तो सीरियाई सरकार और न ही अमेरिकी सेना की तरफ से अभी कोई बयान आया है।  

गल्फ देशों पर भी निशाना   

ईरान ने हमले का दायरा सिर्फ जॉर्डन तक सीमित नहीं रखा। नॉर्थ इराक के कुर्द क्षेत्र इरबिल और सुलेमानिया में भी विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। इसके अलावा तेहरान ने कतर समेत खाड़ी के अन्य सहयोगी देशों के खिलाफ नए मिसाइल हमले किए। कुवैत में एक पावर और वाटर डिसेलिनेशन प्लांट को भी नुकसान पहुंचने की खबर है।  

ईरान में बढ़े अमेरिकी हमले  

अमेरिका ने भी ईरान पर हमले तेज कर दिए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी के बाद US ने ईरान के कई पुल, बिजली उपकरण और एक अहम पोर्ट पर बने टावर को निशाना बनाया। मकसद होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान की पकड़ कमजोर करना बताया जा रहा है।  

ईरान के दक्षिणी तटीय इलाकों में अहवाज, केशम, बुशहर, दश्ती, बोस्तान, सिरिक और बंदर ए लेंघे जैसे शहरों और द्वीपों पर अमेरिकी हमले हुए हैं। इन जगहों पर काफी नुकसान हुआ है। फिलहाल दोनों तरफ से हमले और पलटवार का सिलसिला जारी है। इससे पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव और बढ़ गया है।  

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो