'भारत के लोगों का शुक्रिया' लिख...ईरान ने इजरायल पर दाग दी मिसाइल, ऐसा क्यों किया?
ईरान ने अमेरिका-इजरायल के दबाव के बावजूद हमले जारी रखते हुए मिसाइलों पर भारत समेत कई देशों के लिए धन्यवाद संदेश लिखकर दागे. संघर्ष तेज होने के बीच संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में ईरान पर हमलों और हालात को लेकर बंद कमरे में चर्चा भी बुलाई गई है.

अमेरिका और इजरायल के साथ जारी संघर्ष के बीच ईरान ने साफ कर दिया है कि वह पीछे हटने के मूड में नहीं है. हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कुछ समय के लिए हमलों को रोकने का ऐलान किया था, लेकिन इसके बावजूद ईरान ने इजरायल और खाड़ी क्षेत्र में अपने सैन्य अभियान जारी रखे हैं. इस बीच ईरान ने एक अलग तरीके से उन देशों के प्रति आभार जताया है, जिन्हें वह अपने समर्थन में मानता है.
ईरान ने दागी धन्यवाद संदेश लिखी मिसाइल
रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान ने इजरायल पर दागी गई मिसाइलों पर विभिन्न देशों के लिए धन्यवाद संदेश लिखे. एक मिसाइल पर भारत के लोगों के लिए “धन्यवाद” लिखा गया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं. इसी तरह जर्मनी, पाकिस्तान और स्पेन जैसे देशों के नाम भी अलग-अलग मिसाइलों पर लिखे गए बताए जा रहे हैं. इसे ईरान की ओर से प्रतीकात्मक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है.
ईरान की सेना से जुड़ी इस्लामिक क्रांतिकारी गार्ड कोर (IRGC) ने दावा किया है कि उसने शुक्रवार को इजरायल के खिलाफ अपना 83वां हमला किया. इस दौरान लंबी और मध्यम दूरी की मिसाइलों के साथ-साथ ड्रोन का इस्तेमाल किया गया, जिनका निशाना इजरायल के सैन्य ठिकाने थे. इसके अलावा, खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को भी निशाना बनाया गया है.
Thank you people of India- IRAN@Iran_in_India pic.twitter.com/sAfThAnWGG
— Tahir Kamran | طاہرکامران (@TahirBijnori) March 27, 2026
ईरानी एजेंसियों के मुताबिक, बहरीन में अमेरिकी पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम से जुड़ी एक मेंटेनेंस सुविधा पर भी हमला किया गया. यह संघर्ष 28 फरवरी से लगातार जारी है और ईरान के सुप्रीम लीडर की हत्या के बाद हालात और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए हैं. तब से ईरान कतर, बहरीन और सऊदी अरब जैसे देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले कर रहा है.
अमेरिका और इजरायल को उम्मीद थी कि यह युद्ध जल्द खत्म हो जाएगा और ईरान में सत्ता परिवर्तन हो सकता है, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ है. हाल ही में ट्रंप ने एक कदम पीछे लेते हुए अगले दस दिनों तक ईरान के बिजली संयंत्रों पर हमले रोकने की घोषणा की है.
ईरान की स्थिति को लेकर हलचल तेज
इसी बीच, ईरान की स्थिति को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में इस मुद्दे पर बंद कमरे में चर्चा बुलाई गई है. रूस ने ईरान में नागरिक ढांचे पर हो रहे हमलों को लेकर यह बैठक बुलाने की मांग की थी. संयुक्त राष्ट्र में रूस के प्रतिनिधि येवगेनी उस्पेंस्की के अनुसार, इस बैठक में शैक्षणिक और स्वास्थ्य संस्थानों पर हमलों जैसे गंभीर मुद्दों पर विचार किया जाएगा.


