ईरान को 25% जब्त पैसा मिलेगा वापस! तेल पर भी बड़ी राहत... अमेरिका का चौंकाने वाला यू-टर्न

अमेरिका ने परमाणु कार्यक्रम पर लगी पाबंदियों समेत कई मुद्दों पर नरमी दिखाई है। हालांकि तेहरान सभी फंड्स को अनफ्रीज करने की मांग कर रहा है, लेकिन अमेरिका फिलहाल सिर्फ 25% रकम जारी करने पर सहमत हुआ है।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने की दिशा में बड़ी खबर आई है। ईरान के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक अमेरिका अब ईरान की जब्त संपत्ति का 25 फीसदी हिस्सा अनफ्रीज करने पर राजी हो गया है। अमेरिका ने ईरान के अरबों डॉलर लंबे समय से फ्रीज कर रखे हैं। ईरानी अधिकारियों का कहना है कि विवाद सुलझाने के लिए अमेरिका बातचीत में लचीलापन दिखा रहा है। 

पाकिस्तान के जरिए भेजा गया संशोधित प्रस्ताव   

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ईरान ने पाकिस्तान के माध्यम से अमेरिका को एक नया प्रस्ताव भेजा है। इसमें तीन मुख्य मांगें रखी गई हैं। पहली, युद्ध की स्थायी समाप्ति। दूसरी, सभी प्रतिबंधों को हटाना। तीसरी, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से पूरी तरह खोलना।

रॉयटर्स से बात करते हुए एक ईरानी अधिकारी ने कहा कि अमेरिका ने परमाणु कार्यक्रम पर लगी पाबंदियों समेत कई मुद्दों पर नरमी दिखाई है। हालांकि तेहरान सभी फंड्स को अनफ्रीज करने की मांग कर रहा है, लेकिन अमेरिका फिलहाल सिर्फ 25% रकम जारी करने पर सहमत हुआ है।

मध्यस्थ बना पाकिस्तान, समय की कमी की चेतावनी   

इस पूरी बातचीत में पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। पाकिस्तानी सूत्रों ने सोमवार को रॉयटर्स को बताया कि उन्होंने ईरान का संशोधित प्रस्ताव अमेरिका तक पहुंचा दिया है। साथ ही चेतावनी दी कि दोनों देशों के पास मतभेद दूर करने के लिए ज्यादा समय नहीं बचा है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने भी पुष्टि की कि तेहरान के विचार पाकिस्तान के जरिए अमेरिकी पक्ष तक पहुंच गए हैं। लेकिन उन्होंने प्रस्ताव के डिटेल साझा नहीं किए।

तेल प्रतिबंधों में भी मिल सकती है राहत   

ईरान की तसनीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक अमेरिका बातचीत की अवधि के दौरान ईरान पर लगे तेल प्रतिबंधों में छूट देने को भी तैयार है। हालांकि ईरान ने आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है। बता दें कि ईरान की कुल फ्रीज विदेशी संपत्ति 100 बिलियन डॉलर से ज्यादा है।

इसमें ज्यादातर तेल निर्यात से कमाया गया पैसा है जो अलग अलग देशों में फंसा है। अकेले अमेरिका में ईरान के करीब 2 बिलियन डॉलर फ्रीज हैं। यूरोप, जापान, दक्षिण कोरिया, कतर, चीन, भारत और इराक में भी ईरान का पैसा अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण ब्लॉक है।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो