ईरानी राष्ट्रपति ने PM मोदी को बताया जंग रोकने का रास्ता
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने नरेंद्र मोदी से बातचीत में अमेरिका-इजरायल पर हमले शुरू करने का आरोप लगाते हुए उन्हें तुरंत रोकने की मांग की. पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर चिंता जताई और शांति, ऊर्जा सुरक्षा व सुरक्षित समुद्री मार्गों की आवश्यकता पर जोर दिया.

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच शनिवार को टेलीफोन पर अहम बातचीत हुई. इस वार्ता में दोनों नेताओं ने भारत-ईरान संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर विस्तार से चर्चा की. बातचीत के दौरान पेजेश्कियान ने स्पष्ट किया कि मौजूदा संघर्ष की शुरुआत ईरान ने नहीं की, बल्कि उनके अनुसार अमेरिका और इजरायल ने बिना किसी वैध कारण के सैन्य कार्रवाई शुरू की.
ईरानी राष्ट्रपति का आरोप
ईरानी राष्ट्रपति ने आरोप लगाया कि अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों में कई निर्दोष लोगों की जान गई है. उन्होंने दावा किया कि इन हमलों में ईरान के शीर्ष नेतृत्व, वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों और आम नागरिकों को निशाना बनाया गया. पेजेश्कियान ने विशेष रूप से एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि पड़ोसी देशों में स्थित अमेरिकी ठिकानों से मिनाब शहर के एक गर्ल्स स्कूल पर हमला किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राओं की मौत हुई. इसके अलावा उन्होंने कहा कि सार्वजनिक ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचाया गया है.
अमेरिका द्वारा यह कहे जाने पर कि ये हमले ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने के लिए किए गए, पेजेश्कियान ने इस दावे को खारिज किया. उन्होंने दोहराया कि ईरान का शीर्ष नेतृत्व हमेशा परमाणु हथियारों के खिलाफ रहा है और देश में इस पर धार्मिक और प्रशासनिक प्रतिबंध लागू हैं. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में अस्थिरता फैलाने के आरोप निराधार हैं और इजरायल की सैन्य कार्रवाइयां ही तनाव को बढ़ा रही हैं.
बातचीत के दौरान पेजेश्कियान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संवाद और पारदर्शिता के प्रति ईरान की प्रतिबद्धता दोहराई. उन्होंने अमेरिका और इजरायल से तत्काल हमले रोकने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न होने की गारंटी देने की मांग की. उन्होंने पश्चिम एशिया में स्थायी शांति के लिए क्षेत्रीय देशों के सहयोग से एक सुरक्षा ढांचा तैयार करने का प्रस्ताव भी रखा, जिसमें बाहरी हस्तक्षेप न हो.
पीएम मोदी ने ईद की दी बधाई
वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने ईद-उल-फितर और नवरोज के अवसर पर ईरान के लोगों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने क्षेत्र में बढ़ते तनाव पर चिंता जताते हुए ऊर्जा ढांचे पर हमलों की निंदा की और कहा कि इससे वैश्विक ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा पर असर पड़ सकता है. मोदी ने होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा और समुद्री व्यापार के सुचारू संचालन की आवश्यकता पर जोर देते हुए सभी पक्षों से शांति का रास्ता अपनाने की अपील की.


