ईरान में खामनेई की लोकेशन कैसे ट्रैक हुई? मोसाद का जासूस या AI ट्रैकर

आज-कल का युद्ध अब सिर्फ़ टैंक-मिसाइल की जंग नहीं रहा है. असली ताकत अब टेक्नोलॉजी के हाथों में है. CIA, Mossad और NSA जैसी विश्व की टॉप खुफिया एजेंसियां कई परतों में चुपचाप काम करती हैं. साइबर जासूसी से लेकर AI तक. तो आइए इस छिपे हुए खेल को गहराई से समझते हैं.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच दुनिया भर में एक सवाल बार-बार उठ रहा है. किसी बड़े नेता या हाई-वैल्यू टारगेट की सटीक लोकेशन आखिर पता कैसे लगाई जाती है? आज का युद्ध अब सिर्फ बंदूक और मिसाइल का नहीं रहा. असली खेल इंटेलिजेंस और हाई-टेक टूल्स का है, जहां CIA, Mossad, NSA जैसी एजेंसियां कई लेयर वाली सिस्टम से काम करती हैं. ये तरीके महीनों की प्लानिंग, डेटा एनालिसिस और कभी-कभी मानव स्रोतों के मेल से काम करते हैं.

सैटेलाइट से निगरानी

सबसे मजबूत हथियार है सैटेलाइट सर्विलांस. हाई-रिजोल्यूशन इमेजिंग वाले सैटेलाइट अब इतने एडवांस्ड हो चुके हैं कि वे जमीन पर चलती गाड़ियों की हरकत, काफिले की दिशा और बिल्डिंग्स में असामान्य मूवमेंट तक कैद कर लेते हैं. लगातार मॉनिटरिंग से पैटर्न समझ आता है. कौन सी कार कहां जाती है, कब रुकती है. GEOINT और IMINT के जरिए ये सिस्टम दिन-रात काम करते रहते हैं.

सिग्नल इंटेलिजेंस

दूसरा बड़ा टूल है सिग्नल इंटेलिजेंस. इसमें फोन कॉल, रेडियो सिग्नल, इंटरनेट ट्रैफिक और एन्क्रिप्टेड मैसेज की निगरानी होती है. मेटाडेटा से ही पता चल जाता है कि कौन किससे बात कर रहा है, किस इलाके में फोन अचानक ऑन या ऑफ हुआ. आधुनिक सिस्टम अंडरसी केबल्स, सैटेलाइट कम्युनिकेशन और मोबाइल नेटवर्क से डेटा खींचते हैं, बिना किसी को छुए.

ड्रोन और स्टेल्थ एयरक्राफ्ट

ड्रोन और स्टेल्थ सर्विलांस एयरक्राफ्ट भी अहम भूमिका निभाते हैं. ये लंबी दूरी से इलाके के ऊपर चक्कर लगाते रहते हैं. थर्मल इमेजिंग, नाइट विजन और रडार से हर छोटी हरकत पकड़ ली जाती है. ये टूल्स खासकर तब कारगर होते हैं जब ग्राउंड लेवल पर पहुंच मुश्किल हो.

ह्यूमन इंटेलिजेंस

टेक्नोलॉजी के बावजूद ह्यूमन इंटेलिजेंस आज भी सबसे प्रभावी है. जमीन पर मौजूद सूत्र- कोई करीबी, सुरक्षा गार्ड में कमजोरी या नेटवर्क से लीक सटीक जानकारी देते हैं. अक्सर ये मानव स्रोत टेक्निकल डेटा के साथ मिलकर ही पूरा पिक्चर बनाते हैं.

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस

आज AI ने खेल बदल दिया है. लाखों सैटेलाइट इमेज, कॉल रिकॉर्ड और डिजिटल ट्रेल्स को एल्गोरिद्म पहले स्कैन करते हैं. संदिग्ध पैटर्न मिलने पर ही इंसानी एनालिस्ट तक पहुंचता है. AI पैटर्न रिकग्निशन, मूवमेंट प्रेडिक्शन और बड़े डेटा से लोकेशन अनुमान लगाने में माहिर है.

साइबर टूल्स और स्पाइवेयर

स्मार्टफोन और डिजिटल डिवाइस अब सबसे बड़ा रिस्क हैं. कई एजेंसियां स्पाइवेयर, मैलवेयर या नेटवर्क ट्रैकिंग टूल्स का इस्तेमाल करती हैं, जो फोन की लोकेशन, मैसेज और एक्टिविटी ट्रैक कर लेते हैं. ये टूल्स चुपके से काम करते हैं और सटीक जानकारी देते हैं. कुल मिलाकर, किसी हाई-प्रोफाइल टारगेट को ट्रैक करना एक दिन का काम नहीं. यह सैटेलाइट, SIGINT, HUMINT, AI और साइबर टूल्स का कॉम्बिनेशन है. जो बेहतर डेटा इकट्ठा और एनालाइज कर ले, वही बढ़त हासिल कर लेता है. मिडिल ईस्ट का मौजूदा तनाव इसी हाई-टेक इंटेलिजेंस का जीता-जागता सबूत है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag