अफगानिस्तान का पलटवार, पाकिस्तान के एयरबेस और सैन्य ठिकानों पर हमला

तालिबान ने पाकिस्तान के नूरखान एयरबेस पर हमला बोला है. अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, उसकी वायुसेना ने पाकिस्तान के कई रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाया.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव अब खुले सैन्य टकराव में बदलता नजर आ रहा है. दोनों देशों ने एक-दूसरे पर बड़े हमले करने के दावे किए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है. पाकिस्तान का कहना है कि उसके सैन्य अभियान में अफगान तालिबान के सैकड़ों लड़ाके मारे गए हैं, जबकि अफगानिस्तान ने पलटवार करते हुए पाकिस्तान के महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले करने का दावा किया है.

पाकिस्तान के कई रणनीतिक ठिकाने बने निशाना  

अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, उसकी वायुसेना ने पाकिस्तान के कई रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाया. इनमें रावलपिंडी स्थित नूर खान एयरबेस, क्वेटा में 12 कोर मुख्यालय, खैबर पख्तूनख्वा के मोहम्मद एजेंसी क्षेत्र और अन्य सैन्य प्रतिष्ठान शामिल हैं. अफगान अधिकारियों का कहना है कि यह हमले पूरी सटीकता के साथ किए गए और जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया, वहां भारी क्षति पहुंची है. हालांकि, पाकिस्तान की ओर से इन हमलों की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. नूर खान एयरबेस पाकिस्तान का एक प्रमुख सैन्य केंद्र माना जाता है और इसका सामरिक महत्व काफी ज्यादा है.

अफगानिस्तान ने इन हमलों को पाकिस्तान की ओर से किए गए कथित हवाई उल्लंघन का जवाब बताया है. अफगान रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, पाकिस्तान के लड़ाकू विमान काबुल, बगराम और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर उड़ान भरते देखे गए, जिसे अफगानिस्तान ने अपनी संप्रभुता का उल्लंघन बताया. अफगान सरकार ने चेतावनी दी है कि यदि पाकिस्तान की ओर से ऐसी गतिविधियां जारी रहीं, तो आगे भी कड़े सैन्य कदम उठाए जाएंगे.

पाकिस्तान का दावा 

दूसरी ओर, पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसके सैन्य अभियान में अफगान तालिबान को भारी नुकसान हुआ है. पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्री अत्ताउल्लाह तरार के अनुसार, अब तक 415 तालिबान लड़ाके मारे गए हैं, जबकि 580 से अधिक घायल हुए हैं. उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान की 182 सैन्य चौकियों को नष्ट कर दिया और 31 अन्य चौकियों पर नियंत्रण हासिल कर लिया है.

पाकिस्तान का दावा है कि इस अभियान के दौरान अफगानिस्तान के कई सैन्य संसाधनों को भी भारी नुकसान पहुंचाया गया, जिनमें टैंक, बख्तरबंद वाहन और तोपें शामिल हैं. इसके अलावा, 46 अलग-अलग स्थानों पर हवाई हमले किए गए, जिससे अफगान सैन्य ढांचे को गंभीर क्षति पहुंचाने का दावा किया गया है.

दोनों देशों के बीच बढ़ता यह टकराव पूरे क्षेत्र के लिए चिंता का विषय बन गया है. लगातार हो रहे सैन्य हमलों और जवाबी कार्रवाई से हालात और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल, दोनों पक्ष अपने-अपने दावों पर कायम हैं, लेकिन स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है और आने वाले दिनों में हालात किस दिशा में जाएंगे, इस पर पूरी दुनिया की नजर टिकी हुई है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag