Kim Jong Un: उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन अपनी हवाई यात्रा ना करने की आदत के लिए पहले ही मशहूर हैं, लेकिन इस बार वो जिस वजह से चर्चा में आए, उसने दुनियाभर को हैरान कर दिया. बीजिंग में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात के बाद सामने आया एक वीडियो किसी डिप्लोमैटिक प्रोटोकॉल से ज्यादा एक क्राइम सीरियल जैसा लग रहा है.
इस वीडियो में नॉर्थ कोरियाई स्टाफ उस हर वस्तु की सफाई करते नजर आया, जिसे बैठक के दौरान किम जोंग उन ने छुआ था. कुर्सी से लेकर गिलास और टेबल तक, हर चीज को फॉरेंसिक एक्सपर्ट जैसी सावधानी से साफ किया गया.
ये वाकया बुधवार को हुआ, जब बीजिंग में एक भव्य सैन्य परेड के बाद किम जोंग उन और व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात हुई. टेलीग्राम पर पोस्ट हुए वीडियो में दिखा कि जैसे ही बैठक खत्म हुई, किम के दो सहयोगी तुरंत सक्रिय हो गए. एक ने उनकी कुर्सी को बारीकी से पॉलिश किया, जबकि दूसरे ने सावधानी से गिलास को ट्रे में रख लिया. रूसी पत्रकार अलेक्जेंडर युनाशेव ने अपने चैनल पर बताया कि बातचीत के बाद डीपीआरके प्रमुख के साथ आए कर्मचारियों ने किम जोंग की मौजूदगी के सभी निशानों को सावधानी से मिटा दिया.
किम जोंग के स्टाफ ने उस गिलास को भी साथ ले लिया जिसमें उन्होंने शराब पी थी. कुर्सी के हैंडल से लेकर साइड टेबल तक हर जगह बार-बार पोंछा गया. यह सफाई इतनी सतर्कता से की गई कि ऐसा लगा जैसे उनका हर जैविक निशान मिटाना मकसद हो.
विशेषज्ञों के बीच इस कदम को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं. कुछ मानते हैं कि यह रूस की खुफिया सेवाओं के खिलाफ एहतियाती कदम था, जबकि कुछ का मानना है कि किम चीन की निगरानी से बचने की कोशिश कर रहे थे.
ये पहला मौका नहीं है जब किसी नेता ने इस तरह के कदम उठाए हों. रिपोर्ट्स बताती हैं कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी अपने जैविक फुटप्रिंट्स को बचाने के लिए असाधारण सतर्कता बरतते हैं. जब भी वो विदेश यात्रा पर जाते हैं, उनके बॉडीगार्ड उनका मल और पेशाब सीलबंद पैकेट में जमा कर विशेष सूटकेसों में मॉस्को वापस ले जाते हैं. ये सिलसिला 2017 से लगातार जारी है.
First Updated : Wednesday, 03 September 2025