किम जोंग उन का बड़ा सैन्य शक्ति प्रदर्शन, बेटी के साथ देखा रॉकेट लॉन्च का लाइव टेस्ट
उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने पूर्वी तट पर रॉकेट लॉन्च अभ्यास का निरीक्षण किया. इस दौरान कई मिसाइलों का परीक्षण हुआ. किम ने दुश्मनों को चेतावनी दी, जबकि उनकी बेटी भी इस सैन्य कार्यक्रम में नजर आई.

नई दिल्ली: दुनिया के कई हिस्सों में बढ़ते तनाव के बीच उत्तर कोरिया ने एक बार फिर अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन किया है. देश के नेता किम जोंग उन ने अपनी बेटी के साथ एक बड़े सैन्य अभ्यास का निरीक्षण किया, जिसमें शक्तिशाली रॉकेट लॉन्च सिस्टम का परीक्षण किया गया. राज्य की आधिकारिक मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस अभ्यास में लाइव फायरिंग भी की गई, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं बढ़ गई हैं.
उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी केसीएनए के अनुसार, किम जोंग उन ने शनिवार को देश के पूर्वी तट पर एक विशेष सैन्य अभ्यास को देखा. इस दौरान 600 मिमी कैलिबर के 12 अत्याधुनिक और सटीक रॉकेट लॉन्चरों से स्ट्राइक ड्रिल का प्रदर्शन किया गया. रिपोर्ट में बताया गया कि यह अभ्यास देश की युद्ध क्षमता और तेज हमले की तैयारी को दिखाने के लिए किया गया था.
दक्षिण कोरिया ने भी की मिसाइल लॉन्च की पुष्टि
दक्षिण कोरिया की सेना ने भी इस घटना की पुष्टि की है. साउथ कोरियाई सैन्य अधिकारियों के अनुसार, राजधानी प्योंगयांग के आसपास के क्षेत्र से पूर्वी सागर की दिशा में लगभग 10 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं. दक्षिण कोरिया की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने इन मिसाइल परीक्षणों की कड़ी आलोचना की और इसे क्षेत्रीय शांति के लिए खतरा बताया.
किम जोंग उन का कड़ा संदेश
रॉकेट परीक्षण के बाद किम जोंग उन ने इस सैन्य अभ्यास को लेकर कड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि इस तरह के अभ्यास से उन दुश्मनों में डर पैदा होगा जो 420 किलोमीटर की मारक दूरी के भीतर आते हैं. उनका इशारा दक्षिण कोरिया और वहां मौजूद अमेरिकी सैन्य बलों की ओर माना जा रहा है.
किम ने यह भी कहा कि अगर इन हथियारों का वास्तविक युद्ध में उपयोग किया गया तो दुश्मन का सैन्य ढांचा पूरी तरह नष्ट हो सकता है. उनके अनुसार यह अभ्यास सामरिक परमाणु हथियारों की ताकत और विनाशकारी क्षमता को दिखाने के लिए भी किया गया था.
सैन्य कार्यक्रम में बेटी भी रही मौजूद
इस सैन्य अभ्यास की तस्वीरों में किम जोंग उन के साथ उनकी बेटी किम जू ऐ भी दिखाई दीं. रिपोर्टों के अनुसार उनकी उम्र करीब 13 साल है. तस्वीरों में वह अपने पिता के साथ बड़े सैन्य ट्रकों और रॉकेट लॉन्चरों के पास खड़ी होकर परीक्षण देखती नजर आईं. पिछले कुछ समय से किम जू ऐ कई महत्वपूर्ण सैन्य कार्यक्रमों में अपने पिता के साथ दिखाई दे रही हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि उन्हें भविष्य के संभावित उत्तराधिकारी के रूप में तैयार किया जा रहा है.
अमेरिका-दक्षिण कोरिया अभ्यास के जवाब में कदम
विशेषज्ञों का मानना है कि उत्तर कोरिया का यह सैन्य अभ्यास अमेरिका और दक्षिण कोरिया के संयुक्त सैन्य अभ्यास के जवाब के रूप में किया गया है. दोनों देशों का वार्षिक ‘फ्रीडम शील्ड’ अभ्यास इस समय चल रहा है और यह 19 मार्च तक जारी रहेगा. उत्तर कोरिया लंबे समय से इन संयुक्त सैन्य अभ्यासों का विरोध करता रहा है. उसका कहना है कि ये अभ्यास उसके खिलाफ हमले की तैयारी जैसे हैं. इसी कारण उत्तर कोरिया अक्सर ऐसे समय में मिसाइल परीक्षण या सैन्य प्रदर्शन करता है.


