'अमेरिका में उत्पाद बनाएं, नहीं तो...', टैरिफ को लेकर डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान
US Tax Policy: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वैश्विक कंपनियों से आग्रह किया है कि वे अपने उत्पादों का निर्माण अमेरिका में करें. दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकनॉमिक फोरम में उन्होंने कहा कि अमेरिका में उत्पादन करने पर कंपनियों को न्यूनतम कर दर का लाभ मिलेगा. यदि कंपनियां इस दिशा में कदम नहीं उठातीं, तो उन्हें टैरिफ का सामना करना पड़ सकता है.

Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दुनिया भर की कंपनियों से आग्रह किया है कि वे अपने उत्पाद अमेरिका में ही बनाएं. स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकनॉमिक फोरम में ट्रंप ने कहा, ''अमेरिका में अपना उत्पाद बनाएं, और हम आपको दुनिया के किसी भी देश के मुकाबले सबसे कम टैक्स देंगे.'' लेकिन उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कंपनियां ऐसा नहीं करतीं, तो उन्हें टैरिफ का सामना करना पड़ेगा.
अमेरिकी कंपनियों को लुभाने की पहल
आपको बता दें कि अपने पहले कार्यकाल के दौरान लागू की गई कर नीतियों का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा कि उनकी सरकार ने ऐतिहासिक कर कटौतियां लागू कीं. उन्होंने कहा, ''हम करों को और भी कम कर रहे हैं, यहां तक कि ट्रंप कर कटौती से भी कम. यह कदम वैश्विक निर्माताओं को अमेरिका में उत्पादन और निवेश के लिए आकर्षित करने के लिए है.''
नियमन में कटौती का वादा
वहीं आपको बता दें कि ट्रंप ने अपने आर्थिक दृष्टिकोण को और मजबूत करते हुए कहा कि प्रत्येक नए नियमन के लागू होने पर 10 पुराने नियमन खत्म किए जाएंगे. उन्होंने इसे अमेरिकी व्यवसायों को सशक्त बनाने और नागरिकों की आय बढ़ाने का तरीका बताया.
युद्ध और तेल की कीमतों पर ट्रंप का रुख
इसके अलावा आपको बता दें कि यूक्रेन युद्ध का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा कि वैश्विक तेल की कीमतों को कम करना इस संघर्ष को समाप्त करने में मदद कर सकता है. उन्होंने सऊदी अरब और ओपेक देशों से तेल की कीमतें घटाने का आग्रह किया ताकि शांति प्रक्रिया को गति दी जा सके.
मुक्त भाषण और योग्यता आधारित प्रणाली पर जोर
बताते चले कि घरेलू मोर्चे पर ट्रंप ने अमेरिका में मुक्त भाषण को संरक्षित करने के अपने प्रयासों का उल्लेख किया. उन्होंने कहा, ''हमने अमेरिका में मुक्त भाषण को मजबूती से बचाया है.'' साथ ही, उन्होंने सार्वजनिक जीवन में योग्यता और उपलब्धि को प्राथमिकता देने वाली ''योग्यता-आधारित प्रणाली'' में लौटने की योजना को साझा किया.


